CG News: रायपुर इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन, 2000 से अधिक युवाओं को मिली नौकरी
CG News: छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार के बेहतर और सुनहरे अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, मेले के पहले दिन प्रदेशभर से पहुंचे युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला, अपनी योग्यता और हुनर के दम पर नौकरी हासिल करने के लिए हजारों की संख्या में युवा तड़के से ही स्टेडियम परिसर में जुटने लगे थे.
![]()
5 हजार से अधिक पंजीयन और 2000 का प्रारंभिक चयन
रोजगार मेले के पहले दिन राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे कुल 5,018 प्रतिभागियों ने अपना पंजीयन कराया, मेले में शामिल हुए 85 प्रतिष्ठित निजी संस्थानों द्वारा अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और कार्य अनुभव के आधार पर साक्षात्कार एवं अन्य चयन प्रक्रियाएं पूरी की गईं, इस प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के माध्यम से पहले ही दिन 2,000 से अधिक अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों के लिए सफलता पूर्वक चयन कर लिया गया है.

एक ही मंच पर मिले रोजगार के बड़े अवसर
इस राज्य स्तरीय रोजगार मेले के माध्यम से रोजगार प्रदाता निजी संस्थानों और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को एक ही साझा मंच पर लाने का सफल प्रयास किया गया है, अभ्यर्थियों को बिना किसी बिचौलिए के सीधे नामी कंपनियों के प्रतिनिधियों के सामने साक्षात्कार देने का अवसर मिला, जिससे युवाओं ने अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रिक्तियों के लिए बढ़-चढ़कर दावेदारी प्रस्तुत की.
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में बटेंगे नियुक्ति पत्र
रोजगार मेले के दूसरे दिन यानी 8 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे, इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब तथा मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे, राज्य सरकार के इस कदम से सैकड़ों परिवारों के जीवन में नई खुशहाली आएगी.
चयनित युवाओं के लिए खुलेगी नई और उज्जवल राह
मंत्रियों और शीर्ष जनप्रतिनिधियों के हाथों से नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही चयनित युवाओं के करियर को एक नई दिशा मिलेगी, मेले में मिली इस सफलता ने राज्य के अन्य बेरोजगार युवाओं के भीतर भी नया विश्वास जगाया है, जिला प्रशासन और कौशल विकास विभाग की ओर से मेले के सुचारू संचालन के लिए सुरक्षा, हेल्पडेस्क और काउंसलिंग की व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं.

One Response