CG News: रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला, 8,000 से अधिक पदों पर होगी सीधी भर्ती
CG News: छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री साय होंगे मुख्य अतिथि
इस रोजगार मेले का आयोजन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य और तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में होगा. मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी (Technical & Non-Technical) क्षेत्रों के 8,000 से अधिक रिक्त पदों पर प्रदेश के युवाओं को रोजगार पाने का सीधा अवसर मिलेगा.

ई-रोजगार पोर्टल पर करें ऑनलाइन पंजीयन
कौशल विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजू एस. ने बताया कि रोजगार मेले में प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है. इच्छुक अभ्यर्थी विभाग के ई-रोजगार पोर्टल पर जाकर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं और मेले के लिए अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.
मौके पर ही बांटे जाएंगे जॉब ऑफर लेटर
इस मेले की मुख्य विशेषता यह है कि राज्य और जिला स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित योग्य आवेदकों को कार्यक्रम के दौरान ही आधिकारिक ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे. अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार विभिन्न कंपनियों में सीधे आवेदन कर सकेंगे.
विभागों को निर्देश जारी
मेले में अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है. राज्य शासन ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और युवाओं तक जानकारी पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए हैं.

