CG News: छत्तीसगढ़ के शहरी गरीबों के पक्के मकान का सपना हुआ साकार, PMAY-शहरी 2026 में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित होगा राज्य
CG News: छत्तीसगढ़ में शहरी गरीब परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिलने जा रही है. प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण के लिए राज्य को ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किया जाएगा.

आयोजित होगा भव्य सम्मान समारोह
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान समारोह का आयोजन आज नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में किया जा रहा है. छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव इस समारोह में शामिल होकर राज्य को मिले इस राष्ट्रीय पुरस्कार को ग्रहण करेंगे.
-1770300408925_v.webp)
गुणवत्तापूर्ण निर्माण को मिला राष्ट्रीय सम्मान
राज्य सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के कुशल मार्गदर्शन में योजना को नई गति मिली है. प्रदेश में न केवल तेजी से मकान बनाए गए, बल्कि निर्माण की गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समयसीमा के भीतर आवास पूर्ण कराने पर विशेष ध्यान दिया गया.
अपने पक्के घर का सपना हुआ सच
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित छत प्रदान करना है. राज्य में इस योजना के सफल संचालन से हजारों गरीब परिवारों को अपनी छतों के नीचे सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है, जिसकी सराहना अब पूरे देश में हो रही है.

