CG News: बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन, दल्लीराजहरा-रावघाट रेल लाइन का काम पूरा
CG News: दक्षिण छत्तीसगढ़ और बस्तर अंचल को देश के मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है. दल्लीराजहरा-रावघाट नई रेल लाइन परियोजना के अंतिम 17.5 किलोमीटर लंबे ताड़ोकी-रावघाट खंड का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि को बस्तर की विकास यात्रा में एक बड़ा मील का पत्थर बताते हुए कहा कि रावघाट तक रेल पटरी का पहुंचना क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक बदलाव का नया सवेरा लाएगा.

CM साय ने जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का प्रदेशवासियों की ओर से आभार प्रकट किया. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से छत्तीसगढ़ के सुदूर और वनांचल क्षेत्रों में आधुनिक अधोसंरचना का विस्तार अभूतपूर्व गति से हो रहा है. रेल नेटवर्क के इस विस्तार से स्थानीय ग्रामीणों के लिए राजधानी रायपुर समेत देश के प्रमुख शहरों तक आवागमन बेहद सुगम और सस्ता हो जाएगा.

95 किमी लंबी परियोजना का अंतिम खंड बनकर तैयार
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर मंडल के अंतर्गत आने वाली इस पूरी परियोजना की कुल लंबाई 95 किलोमीटर है. हाल ही में इसके अंतिम 17.5 किलोमीटर लंबे ताड़ोकी-रावघाट सिंगल लाइन विद्युतीकृत ब्रॉड गेज खंड का काम पूरा हुआ है. परिचालन शुरू करने से पहले रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) द्वारा इस ट्रैक की सुरक्षा, सिग्नलिंग, ओवरहेड विद्युतीकरण और गति परीक्षण (Speed Trial) का गहन निरीक्षण कर लिया गया है. वर्तमान में दल्लीराजहरा से ताड़ोकी तक ट्रेनों का संचालन हो रहा है, जो अब जल्द ही रावघाट तक विस्तारित होगा.
नए अवसरों का होगा सृजन
रेल कनेक्टिविटी के सुदृढ़ होने से दक्षिण छत्तीसगढ़ में पर्यटन, व्यापार और निवेश की असीम संभावनाओं को बल मिलेगा. बस्तर अंचल प्राकृतिक संसाधनों, कृषि और वनोपज (Minor Forest Produce) से समृद्ध है. अब रेल लाइन के माध्यम से स्थानीय किसानों, व्यापारियों और ग्रामीणों के लिए बड़े बाजारों तक पहुंच आसान हो जाएगी, जिससे क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. इसके अलावा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी.
विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार बस्तर सहित पूरे दक्षिण छत्तीसगढ़ में शांति, सुरक्षा और सुशासन के साथ आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. जिन दुर्गम इलाकों में कभी पहुंचना कठिन माना जाता था, वहां आज सड़क, रेल और डिजिटल नेटवर्क का जाल बिछाया जा रहा है. रावघाट तक पहुंची यह रेल पटरी ‘विकसित भारत’ के सपने के अनुरूप ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.


One Response