CG News: रायपुर में अंत्योदय सेवा वंदन पर्व का भव्य आयोजन, सीएम साय ने ‘प्रोजेक्ट राहत’ और Advance AI नवाचारों का किया शुभारंभ
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अंत्योदय सेवा वंदन पर्व और वीरगाथा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया. इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम में समाज और राष्ट्र की निष्ठापूर्वक सेवा करने वाले नागरिकों, पुलिस बल, सेना, अर्धसैनिक बलों के जवानों और समाजसेवियों को मुख्यमंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
‘नमो सेवा गाथा’ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का संगम
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवाभाव पर केंद्रित ‘नमो सेवा गाथा’ का भावपूर्ण मंचन किया गया. इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दी गईं. राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की महिलाओं, दिव्यांग विद्यालय के बच्चों, मछुआरों और श्रमिकों ने लोकगीत, राउत नाचा, बांसुरी वादन और नाटकों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
तीन बड़े नवाचारों का शुभारंभ
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिला प्रशासन द्वारा तैयार किए गए तीन महत्वपूर्ण नवाचारों ‘प्रोजेक्ट राहत’, ‘प्रोजेक्ट ध्वस्त’ और Advance AI – ‘ताकत है MY’ का औपचारिक शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री ने इन तकनीकों और योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक का उपयोग आम जनता को त्वरित राहत पहुंचाने और सुशासन को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा.
सुरक्षा पर केंद्रित ‘प्रोजेक्ट राहत’ व ‘ध्वस्त’
जिला प्रशासन के ‘प्रोजेक्ट राहत’ के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को आरबीसी 6(4) के तहत दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि की प्रक्रिया को बेहद तेज और पारदर्शी बनाया जाएगा. वहीं ‘प्रोजेक्ट ध्वस्त’ के अंतर्गत जिले में मौजूद जर्जर और असुरक्षित भवनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय दुर्घटना से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
प्रशासनिक सेवाओं में आएगी गति
तीसरे नवाचार Advance AI – ‘ताकत है MY’ के जरिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करके प्रशासनिक सेवाओं को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाया जाएगा. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, खेल मंत्री टंकराम वर्मा समेत कई जन प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही अंत्योदय का मूल ध्येय है.


One Response