CG News: छत्तीसगढ़ में उफान पर देश का ‘मिनी नियाग्रा’ चित्रकोट वॉटरफॉल, उफनती इंद्रावती के बीच दिखा अद्भुत नजारा
CG News: छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं, जिससे एक तरफ जहां बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर ‘मिनी नियाग्रा’ के नाम से प्रसिद्ध चित्रकोट वॉटरफॉल का विहंगम दृश्य देखने को मिल रहा है. खाटीगुडा डैम के 3 गेट और मुरान बांध के 2 गेट खोले जाने से इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. कई वर्षों के बाद यह अद्भुत अवसर आया है जब जलप्रपात का पानी पूरे परिसर तक भर गया है और वॉटरफॉल पूरी गर्जना के साथ अपने शबाब पर है.

पर्यटकों की आवाजाही पर प्रतिबंध
चित्रकोट वॉटरफॉल के रौद्र और विशाल रूप को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. सुरक्षा के लिहाज से पर्यटकों को वॉटरफॉल के अत्यधिक करीब जाने की अनुमति नहीं दी गई है. दूर से ही ऊपर से नीचे गिरते पानी की विशाल धार और गूंजती गर्जना का मनमोहक नजारा लोगों का दिल जीत रहा है. वॉटरफॉल का यह नया रूप सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा का विषय बना हुआ है.

बालोद का जीवनदायिनी तांदुला जलाशय
दूसरी ओर, बालोद जिले में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जिलेवासियों की बरसों पुरानी प्रतीक्षा समाप्त हो गई है. बालोद जिले की जीवनदायिनी कहे जाने वाला तांदुला जलाशय शनिवार की सुबह लबालब होकर ओवरफ्लो प्वाइंट से छलक पड़ा. मानसून के आगमन के साथ ही स्थानीय लोग हर साल इस जलाशय के भरने का बेसब्री से इंतजार करते हैं, जो इस बार हुई झमाझम बारिश से पूरा हो गया है.
छलकते पानी का खूबसूरत नजारा देखने जुट रहे लोग
तांदुला जलाशय के ओवरफ्लो होते ही आसपास का कुदरती नजारा बेहद मनमोहक और आकर्षित करने वाला हो गया है. पानी के तेज बहाव और चारों तरफ फैले प्राकृतिक सौंदर्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों का पहुंचना शुरू हो गया है. जलभराव और बारिश की मुश्किलों के बीच तांदुला जलाशय का छलकना पूरे जिलेवासियों के लिए उम्मीद और भारी खुशी का प्रतीक बनकर सामने आया है.
कृषि क्षेत्र को मिलेगी राहत
प्रदेश में लगातार हो रही इस भारी बारिश से भले ही कई निचले इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई है, लेकिन राज्य के प्रमुख जलाशयों और जलप्रपातों का लबालब होना भविष्य के लिए सुखद संकेत है. तांदुला जैसे विशाल जलाशय के भरने से आने वाले समय में जिले के किसानों को सिंचाई और आम जनता को पेयजल आपूर्ति में बड़ी राहत मिलेगी. प्रशासन ने उफनते जलाशयों और नदियों के पास लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.


One Response