CG News: राहुल गांधी के आरोपों पर मुख्यमंत्री साय का तंज, बोले- चुनाव हारते ही ईवीएम पर ठीकरा फोड़ती है कांग्रेस
CG News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रियाओं पर उठाए गए सवालों पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखा पलटवार किया है, रायपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश भर में जनता का विश्वास पूरी तरह खो चुकी है, यही कारण है कि जब वे चुनाव हारते हैं तो अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं और ईवीएम (EVM) पर ठीकरा फोड़ने लगते हैं.

जीत पर चुप्पी और हार पर ईवीएम का बहाना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जब-जब कांग्रेस किसी राज्य में चुनाव जीतती है, तब उसे ईवीएम और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर कोई शंका या आपत्ति नहीं होती है, लेकिन जैसे ही जनता उन्हें नकारती है, वैसे ही राहुल गांधी और उनकी पार्टी देश के सामने नए-नए बहाने बनाने लगती है, हाल ही में चुनाव आयोग और मतदाता सूची के पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उठाए जा रहे सवाल भी कांग्रेस की बौखलाहट का ही नतीजा हैं.
![]()
भूपेश बघेल के बयान पर मुख्यमंत्री का करारा जवाब
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा भाजपा नेता स्मृति ईरानी पर दिए गए विवादित बयान का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भूपेश बघेल को भारतीय जनता पार्टी की चिंता करने की बजाय अपनी खुद की राजनीतिक स्थिति पर ध्यान देना चाहिए, उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने भूपेश बघेल को पंजाब के प्रभार से हटाकर अब असम की जिम्मेदारी दी है, जहां पहले दिन से ही उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है.
असम में कांग्रेस के काफिले पर हुई घटना पर टिप्पणी
असम के नगांव जिले में चुनाव प्रचार के दौरान भूपेश बघेल के काफिले पर हुए पथराव की घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सीएम को असम में पहली बार कदम रखते ही जनता और कार्यकर्ताओं के विरोध से दो-चार होना पड़ा है, उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि जो नेता अपने नए प्रभार वाले राज्य में ही व्यवस्था नहीं संभाल पा रहे हैं, उन्हें भाजपा के आंतरिक मामलों या हमारे नेताओं पर टिप्पणी करने से पूरी तरह बचना चाहिए.
जनाधार खो चुकी कांग्रेस कर रही है भ्रामक बयानबाजी
अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस के कुशासन को नकार कर भाजपा के सुशासन पर अपनी मुहर लगाई है, अब कांग्रेस नेता बौखलाहट में आकर अनर्गल और भ्रामक बयानबाजी कर रहे हैं, देश और प्रदेश की जागरूक जनता सब देख रही है और वह कांग्रेस के इन खोखले दावों व बहानों के बहकावे में अब बिल्कुल भी आने वाली नहीं है.


One Response