CG News: रायपुर में सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन, मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को किया संबोधित
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के रोहिणीपुरम स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में आयोजित ‘वंदे मातरम्’ सामूहिक गायन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देशभर में 25 हजार से भी अधिक स्थानों पर विद्या भारती के लाखों विद्यार्थियों ने एक साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सस्वर गायन कर एक ऐतिहासिक विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है.

आजादी के वीरों ने दी हंसते-हंसते शहादत
मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रगीत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं बल्कि मां भारती की पावन वंदना है, इस गीत की शक्ति अद्भुत थी, जिसने देश के स्वतंत्रता संग्राम में प्राण फूंकने का काम किया, आजादी के दीवाने वीरों ने वंदे मातरम् का नारा लगाते हुए और इस राष्ट्रगीत को गाते हुए हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूम लिया था और देश को स्वतंत्र कराया.

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण
मुख्यमंत्री ने बताया कि वंदे मातरम् की रचना के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं, उन्होंने विद्या भारती संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि यह ऐसी पावन संस्था है जो बालकों को केवल किताबी ज्ञान देने के बजाय उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देती है, भारत प्राचीन काल से ही विश्व गुरु और शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है तथा शिक्षा ही सर्वांगीण विकास का मूल मंत्र है.
बस्तर में शिक्षा का विस्तार
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार और केंद्रीय गृहमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति से बस्तर से नक्सलवाद का सफाया हो रहा है, अब वहां बंद पड़े स्कूलों को खोलकर शिक्षा का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, ओरछा और जगरगुंडा जैसे सुदूर क्षेत्रों में विशाल ‘एजुकेशन सिटी’ का निर्माण कराया जा रहा है तथा राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं.
34 स्थानों पर बनेंगे नालंदा परिसर
छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराने के लिए प्रदेश भर में 34 स्थानों पर हाई-टेक ‘नालंदा परिसर’ का निर्माण किया जा रहा है, मुख्यमंत्री ने दिल्ली में रहकर यूपीएससी परीक्षा पास करने वाले राज्य के 13 होनहार बच्चों का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों से कहा कि वे बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए कठिन परिश्रम करें, क्योंकि देश का भावी भविष्य उन्हीं के कंधों पर टिका है.


One Response