CG News: संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ ने मांगी राज्य सम्मान 2026 के लिए प्रविष्टियां, 5 अक्टूबर तक पंजीकृत डाक से भेजे आवेदन
CG News: छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग ने कला, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाली महान प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए राज्य सम्मान 2026 हेतु प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं, विभाग की ओर से स्थापित 12 राज्य स्तरीय सम्मान और 1 राष्ट्रीय सम्मान के लिए निर्धारित प्रारूप में 5 अक्टूबर 2026 तक आवेदन किए जा सकते हैं, चयनित प्रतिभाओं को 1 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले राज्योत्सव 2026 के भव्य राज्य अलंकरण समारोह में अलंकृत किया जाएगा.

आवेदन के लिए आवश्यक योग्यताएं और दस्तावेज
राज्य सम्मान के लिए आवेदन करने वाले पात्र आवेदकों को अपने आवेदन में नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और आयु के साथ प्रस्तावक का स्पष्ट विवरण देना होगा, इसके अतिरिक्त आवेदक की मुख्य उपलब्धियों का संक्षिप्त ब्यौरा तथा पूर्व में प्राप्त अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तरीय सम्मानों की जानकारी भी संलग्न करनी होगी, शासकीय सेवा में कार्यरत आवेदकों को सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त अनापत्ति अनुमति पत्र जमा करना अनिवार्य किया गया है.
विभिन्न विधाओं में प्रदान किए जाने वाले राज्य सम्मान
वर्ष 2026 में हिंदी साहित्य के क्षेत्र में पं. सुंदरलाल शर्मा सम्मान, लोक नाट्य एवं शिल्प के लिए दाऊ मंदराजी सम्मान और शास्त्रीय संगीत व नृत्य के लिए चक्रधर सम्मान दिया जाएगा, इसके अलावा लोक नृत्य के लिए देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार, आंचलिक साहित्य हेतु लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार, समकालीन रंगकर्म के लिए हबीब तनवीर सम्मान, पंथी नृत्य हेतु देवदास बंजारे पंथी नृत्य पुरस्कार, छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान और लोक संगीत के लिए खुमान साव सम्मान प्रदान किया जाएगा.
सिनेमा, अप्रवासी भारतीय और पंडवानी क्षेत्र के लिए सम्मान
हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान हेतु किशोर साहू सम्मान तथा निर्देशन के क्षेत्र में किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण प्रदान किया जाएगा, विदेशों में रहकर कला, साहित्य और समाज सेवा में योगदान देने वाले नागरिकों के लिए छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान निर्धारित है, वहीं पंडवानी गायन और वादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले महान कलाकारों को डॉ. तीजन बाई राज्य सम्मान से नवाजा जाएगा.
5 अक्टूबर तक डाक से भेजें आवेदन
इन सभी प्रतिष्ठित सम्मानों के लिए प्रतिभाओं का चयन संबंधित क्षेत्र में उनकी दीर्घ साधना और उपलब्धियों के आधार पर किया जाएगा, इच्छुक कलाकार और साहित्यकार 5 अक्टूबर तक पंजीकृत डाक के माध्यम से अपना आवेदन संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा, नवा रायपुर अटल नगर के पते पर प्रेषित कर सकते हैं, योजना से जुड़ी नियमावली और आवेदन का प्रारूप संस्कृति विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.cgculture.in पर उपलब्ध है.

One Response