CG News: बिलासपुर में 10 लाख दीपों का महाआयोजन, 44 पंचायतों में हर घर जलेगा दीया
CG News: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. बिलासपुर में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा. पूरे जिले में करीब 10 लाख दीप जलाने की तैयारी है. जिला स्तरीय आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड में शाम 7 बजे से होगा, जिसमें उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे.

पुलिस परेड ग्राउंड में जलेंगे 1.25 लाख दीप
बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में करीब 1 लाख 25 हजार दीप एक साथ प्रज्वलित किए जाएंगे. इसके अलावा जिले के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को भी दीपों से सजाया जाएगा. रतनपुर में 11 हजार, मल्हार में 11 हजार, जबकि बेलपान और ताला में 1100-1100 दीप जलाने की तैयारी की गई है.
44 ग्राम पंचायतों में हर घर होगा रोशन
‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पहुंचाया गया है. जिले के चारों विकासखंडों की 44 चयनित ग्राम पंचायतों में प्रत्येक घर में दीप प्रज्वलित किया जाएगा. बिल्हा और कोटा क्षेत्र की चयनित पंचायतों के अलावा मस्तूरी और तखतपुर की कई पंचायतों में भी घर-घर दीप जलाने की तैयारी है.
स्कूल और सरकारी भवन भी दीपों से सजेंगे
जिले के गांवों में भी बड़े स्तर पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा. प्रत्येक गांव में 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने की व्यवस्था की गई है. शाम 7 बजे शासकीय भवनों, स्कूलों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायत कार्यालयों में भी दीप जलाए जाएंगे. इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में एक साथ दीप प्रज्वलन का आयोजन होगा.
सरकारी योजनाओं के हितग्राही भी होंगे शामिल
अभियान में विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी जोड़ा गया है. प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाए जाएंगे. महिला स्व-सहायता समूह कार्यक्रम में सहयोग करेंगे. इसके साथ ही ‘जल जनसेवा संकल्प’ के तहत जिले के बांध, बैराज, एनीकट और नहर शीर्षों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे.


One Response