CG News: झीरम घाटी मामले में 10 माओवादियों को मृत्युदंड, CM साय ने बताया न्याय की जीत
CG News: झीरम घाटी हत्याकांड मामले में जगदलपुर की एनआईए कोर्ट ने 10 माओवादियों को मृत्युदंड की सजा सुनाई है. अदालत के इस फैसले पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे न्याय की जीत बताया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि झीरम घाटी की घटना छत्तीसगढ़ के इतिहास का बेहद दर्दनाक अध्याय है, जिसकी यादें लंबे समय तक लोगों को पीड़ा देती रहेंगी.

हमले में नेताओं और सुरक्षाकर्मियों की गई थी जान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि झीरम घाटी में हुए हिंसक हमले में प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ सुरक्षाकर्मियों और आम नागरिकों की भी जान गई थी. उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषी पाए गए सभी 10 माओवादियों को मृत्युदंड दिया जाना न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण फैसला है. मुख्यमंत्री ने मामले की जांच को अंजाम तक पहुंचाने के लिए एनआईए की भूमिका की भी सराहना की.
माओवादी हिंसा के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सशस्त्र माओवादी हिंसा के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि लंबे समय तक माओवादी हिंसा से प्रभावित रहा बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की ओर बढ़ रहा है. सरकार की ओर से क्षेत्र में सामान्य स्थिति और विकास को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है.
आतंक को समर्थन देने वालों पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि झीरम घाटी मामले का फैसला उन लोगों के लिए आत्मचिंतन का अवसर है, जो किसी भी रूप में आतंक या माओवादी हिंसा को वैचारिक समर्थन देते हैं. उन्होंने कहा कि हिंसा को किसी भी स्वार्थ के लिए बढ़ावा देने के परिणाम गंभीर हो सकते हैं. मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ हिंसा का रास्ता अपनाने वालों से अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करने की अपील की.
दिवंगतों को मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंक और हिंसा किसी विचार या क्षेत्र की सीमाओं तक सीमित नहीं रहते, बल्कि इसका प्रभाव व्यापक स्तर पर पड़ता है. उन्होंने झीरम घाटी के हमले में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के दर्द को भुलाया नहीं जा सकता और न्यायिक प्रक्रिया के जरिए मामले में दोषियों को सजा मिलना महत्वपूर्ण है.


One Response