CG News: आयुष्मान योजना को लेकर अस्पतालों पर सख्ती, विशेषज्ञ नहीं तो मरीज होगा रेफर
CG News: छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों से अतिरिक्त पैसे लिए जाने की शिकायतों और अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं. योजना से जुड़े सभी अस्पतालों को कहा गया है कि जिस बीमारी के उपचार के लिए उनके पास विशेषज्ञ डॉक्टर या आवश्यक चिकित्सा संसाधन उपलब्ध नहीं हैं, ऐसे मरीजों को भर्ती करने के बजाय समय रहते उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जाए.

अस्पताल में दिखानी होगी इलाज और पैकेज की जानकारी
स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान योजना के तहत उपलब्ध उपचार की जानकारी मरीजों के लिए स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं. अस्पताल के प्रमुख स्थान पर सूचना बोर्ड लगाया जाएगा, जिसमें योजना के अंतर्गत आने वाली बीमारियों और संबंधित पैकेज की राशि का विवरण रहेगा. इसके अलावा योजना के दायरे से बाहर के उपचार की जानकारी भी हेल्पडेस्क पर उपलब्ध कराने को कहा गया है.
जानकारी के अभाव में मरीजों को होती है परेशानी
विभाग के अनुसार, कई अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाले उपचार की सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को सही जानकारी नहीं मिल पाती. ऐसी स्थिति में इलाज योजना के अंतर्गत आता है या नहीं, इसे लेकर भ्रम की स्थिति बनती है. पारदर्शिता बढ़ाने के लिए अस्पतालों को योजना की जानकारी सार्वजनिक करने और मरीजों की सहायता के लिए प्रशिक्षित काउंसलर रखने के निर्देश दिए गए हैं.
विशेषज्ञ नहीं तो भर्ती करने पर रोक
नए निर्देशों में अस्पतालों को अपनी उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर ही मरीजों का उपचार करने को कहा गया है. संबंधित बीमारी का विशेषज्ञ डॉक्टर या आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं होने पर मरीज को अस्पताल में भर्ती नहीं किया जाना चाहिए. गंभीर स्थिति में उचित इलाज में देरी न हो, इसके लिए ऐसे मरीजों को बिना अनावश्यक विलंब के हायर सेंटर रेफर करना होगा.
मरीजों पर आर्थिक दबाव नहीं डाल सकेंगे अस्पताल
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को मरीजों और उनके परिजनों पर किसी तरह का अनावश्यक आर्थिक दबाव नहीं बनाने के निर्देश दिए हैं. अस्पताल में उपलब्ध विशेषज्ञता और संसाधनों के अनुसार ही उपचार किया जाना चाहिए. विभाग का कहना है कि जरूरी सुविधा नहीं होने के बावजूद मरीज को अस्पताल में रोकने से उपचार में देरी हो सकती है, इसलिए जरूरत पड़ने पर समय पर रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है.


One Response