CG News: छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार की तैयारी, दिल्ली में रेलवे बोर्ड की बैठक में होंगे बड़े फैसले
CG News: छत्तीसगढ़ में रेल सेवाओं के विस्तार और नई सुविधाओं को लेकर प्रदेश के सांसदों ने केंद्र सरकार के सामने अपनी मांगें तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में अगले सप्ताह दिल्ली में रेलवे बोर्ड की संभावित बैठक प्रस्तावित है, जिसमें छत्तीसगढ़ से जुड़े कई अहम रेल प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय होने की उम्मीद है. वहीं, बिलासपुर रेलवे जोनल सलाहकार समिति की आगामी बैठक के लिए भी सांसदों से नए सुझाव और प्रस्ताव मांगे गए हैं.

केंद्र के सामने रखी गईं कई प्रमुख मांगें
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, दुर्ग सांसद विजय बघेल, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय, बस्तर सांसद महेश कश्यप सहित राज्यसभा सदस्यों लक्ष्मी वर्मा और देवेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य नेताओं ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर प्रदेश की रेल जरूरतों को सामने रखा है. सांसदों ने नई ट्रेनों, रेल लाइनों और मौजूदा सेवाओं के विस्तार से जुड़े कई प्रस्ताव केंद्र के समक्ष रखे हैं.
नई रेल लाइनों और ट्रेनों की मांग
सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने अंबिकापुर-बरवाडीह, अंबिकापुर-रेणुकूट और अंबिकापुर-पत्थलगांव नई रेल लाइनों की मांग उठाई है. इसके साथ ही अंबिकापुर से रायपुर के लिए सुबह करीब 5 बजे ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया है. वहीं, बेमेतरा में रेल सुविधा शुरू करने, रीवा-बिलासपुर ट्रेन को दुर्ग तक विस्तार देने और शहडोल-नागपुर ट्रेन को अंबिकापुर तक चलाने जैसे प्रस्तावों पर भी सकारात्मक संकेत मिलने की बात सामने आई है.
इंटरसिटी और वंदे भारत की भी मांग
राज्यसभा सदस्यों लक्ष्मी वर्मा, देवेंद्र प्रताप सिंह और फूलोदेवी नेताम ने रायपुर-अंबिकापुर के बीच इंटरसिटी और वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की मांग रखी है. इसके अलावा लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और तिल्दा तथा भाटापारा में लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग भी सामने आई है. सांसदों का कहना है कि इन सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी.
अक्टूबर की बैठक में हो सकता है फैसला
बस्तर और रायगढ़ क्षेत्र के सांसदों ने नए रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव नहीं होने का मुद्दा भी उठाया है. सांसदों की ओर से दिए गए प्रस्तावों को आगामी जोनल सलाहकार समिति की बैठक में रखा जाएगा. अक्टूबर में प्रस्तावित बैठक के दौरान ट्रेन विस्तार, नए ठहराव, नई रेल लाइनों और यात्री सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें : CG News: बिलासपुर में रविवार को जुटेगा शीर्ष नेतृत्व, राज्यपाल, CM और डिप्टी CM के दौरे को लेकर अलर्ट
