CG News: बिलासपुर में रविवार को जुटेगा शीर्ष नेतृत्व, राज्यपाल, CM और डिप्टी CM के दौरे को लेकर अलर्ट
CG News: न्यायधानी बिलासपुर में रविवार को प्रदेश के शीर्ष संवैधानिक और राजनीतिक चेहरों की मौजूदगी रहेगी. राज्यपाल रमन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए जिले में पहुंचेंगे. एक ही दिन कई बड़े नेताओं के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है. प्रमुख कार्यक्रम स्थलों और आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है.
तीज मिलन समारोह में शामिल होंगे CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बहतराई स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित तीज मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे. बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में होने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता शामिल होने की संभावना है. कार्यक्रम के लिए स्टेडियम परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पारंपरिक आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है.

राज्यपाल रमन डेका का भी कार्यक्रम
प्रदेश के राज्यपाल रमन डेका भी रविवार को बिलासपुर पहुंचेंगे. वे शहर के DAV स्कूल परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इस दौरान राज्यपाल विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करेंगे. उनके दौरे को लेकर संबंधित स्थल पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी की हैं.

खेल कार्यक्रम में पहुंचेंगे डिप्टी CM साव
उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी रविवार को बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे. वे बहतराई खेल परिसर में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के समापन कार्यक्रम में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएंगे. इसके अलावा वे शहर में आयोजित दो अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे. राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को देखते हुए प्रशासन ने सभी प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है.
सुरक्षा के साथ ट्रैफिक प्लान भी तैयार
VVIP दौरे को देखते हुए बहतराई स्टेडियम, DAV स्कूल मार्ग, सर्किट हाउस, हेलीपैड और शहर के प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा. पुलिस और जिला प्रशासन ने संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है. वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने VVIP मूवमेंट के दौरान यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया है, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े.
यह भी पढ़ें : CG News: माओवादी हिंसा प्रभावित इलाकों में लौटी शिक्षा, 600 से ज्यादा स्कूलों में फिर शुरू हुई पढ़ाई
