CG News: छत्तीसगढ़ में शिक्षक दिवस पर 63 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित, 64 नए शिक्षकों के नाम घोषित
CG News: शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को रायपुर के लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया. वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश के 63 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि चार शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

AI के दौर में तकनीक के जिम्मेदार इस्तेमाल पर जोर
समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती तकनीक के दौर में शिक्षा के क्षेत्र में भी नई चुनौतियां सामने आ रही हैं. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग ज्ञान, नवाचार और व्यक्तित्व विकास के लिए किया जाना चाहिए, लेकिन इसका इस्तेमाल जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों के अनुरूप होना जरूरी है. उन्होंने कहा कि AI को सहायक के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए, नियंत्रक के रूप में नहीं.

CM साय बोले, शिक्षक नई पीढ़ी के निर्माता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके समर्पण, मेहनत, नवाचार और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में योगदान की पहचान है. उन्होंने शिक्षकों को राष्ट्र और नई पीढ़ी का निर्माता बताया. वहीं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा दे रही है. प्रदेश में AI आधारित स्मार्ट स्कूल विकसित किए जा रहे हैं, साथ ही विद्यार्थियों में संस्कार, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है.

चार शिक्षकों को मिला विशेष राज्य शिक्षक सम्मान
समारोह में चार शिक्षकों को साहित्यकारों की स्मृति में राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार प्रदान किए गए. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के राजेश कुमार प्रजापति को डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार, कोरबा के कामता प्रसाद जायसवाल को डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार, दुर्ग की प्रज्ञा सिंह को डॉ. मुकुटधर पाण्डेय स्मृति पुरस्कार और सारंगढ़-बिलाईगढ़ की प्रियंका गोस्वामी को गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार दिया गया.
2026-27 के लिए 64 शिक्षकों के नाम घोषित
समारोह के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने वर्ष 2026-27 के राज्य शिक्षक सम्मान के लिए चयनित 64 शिक्षकों के नामों की भी घोषणा की. वहीं प्रधान पाठक, व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक सहित विभिन्न संवर्गों के 63 शिक्षकों को वर्ष 2025-26 के लिए राज्यपाल पुरस्कार दिया गया. कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. सम्मान समारोह के माध्यम से शिक्षकों के योगदान, नवाचार और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया गया.

