CG News: CGPSC भर्ती घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, 16 से ज्यादा लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया
CG News: छत्तीसगढ़ में सामने आए CGPSC भर्ती घोटाले से जुड़ी जांच में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने कार्रवाई तेज कर दी है. एजेंसी ने मामले से जुड़े 16 से ज्यादा लोगों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी कर तलब किया है. इनमें अभ्यर्थियों के अलावा कुछ प्रॉपर्टी डीलर भी शामिल बताए जा रहे हैं. फिलहाल कारोबारी उत्कर्ष चंद्राकर से एजेंसी की पूछताछ जारी है.
अभ्यर्थियों से लाखों रुपये मांगने का आरोप
ED की जांच के अनुसार, विकास चंद्राकर ने PSC की तैयारी कर रहे करीब दो दर्जन युवाओं को उत्कर्ष चंद्राकर से मिलवाया था. आरोप है कि सरकारी नौकरी में चयन कराने के नाम पर प्रत्येक अभ्यर्थी से 50 से 60 लाख रुपये तक की मांग की गई. जांच एजेंसी के मुताबिक, डॉ. विकास अपनी बहन का चयन कराने के प्रयास में भी इस नेटवर्क से संपर्क में था.

पहचान और पहुंच का हवाला देकर किया संपर्क
जांच में सामने आए आरोपों के अनुसार, विकास के रिश्तेदार अंकित ने उसकी मुलाकात अनिल चंद्राकर से कराई. इसके बाद अनिल उसे उत्कर्ष चंद्राकर के पास लेकर गया. ED का दावा है कि उत्कर्ष ने अपनी पहचान तत्कालीन राजनीतिक और प्रशासनिक लोगों से करीबी के तौर पर बताई और अभ्यर्थियों को चयन कराने का भरोसा दिलाया. इसके बाद कई युवाओं को उससे संपर्क कराया गया.
7 अभ्यर्थियों से 3 करोड़ रुपये लेने का दावा
ED के मुताबिक, अब तक करीब 7 अभ्यर्थियों से लगभग 3 करोड़ रुपये की रकम वसूले जाने का दावा जांच में सामने आया है. मामले में सुषमा अग्रवाल ने भी उत्कर्ष चंद्राकर के खिलाफ अपना बयान दर्ज कराया है. एजेंसी अलग-अलग लोगों से पूछताछ कर कथित लेनदेन और भर्ती प्रक्रिया में उनकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है.
29 अभ्यर्थियों को रिसॉर्ट ले जाने की भी जांच
जांच के दौरान यह दावा भी सामने आया है कि करीब 29 अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी के नाम पर बार नवापारा स्थित एक रिसॉर्ट में ले जाया गया था. वहां अभ्यर्थियों के साथ क्या गतिविधियां हुईं और इसका कथित भर्ती नेटवर्क से क्या संबंध था, इसकी जांच की जा रही है. ED पूछताछ और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर पूरे मामले में पैसों के लेनदेन और संबंधित लोगों की भूमिका को खंगाल रही है.
