CG News: शिक्षक दिवस पर 64 उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान, राज्यपाल रमेन डेका करेंगे सम्मानित
CG News: आज 5 सितंबर 2026 को देशभर में शिक्षक दिवस मनाया जा रहा है. इसी अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से प्रदेश के 64 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्य स्तरीय सम्मान दिया जाएगा. यह समारोह शनिवार सुबह 11 बजे लोक भवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में आयोजित होगा. कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका चयनित शिक्षकों को सम्मानित करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी समारोह में शामिल होंगे.

अलग-अलग जिलों से चुने गए शिक्षक
राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से 64 शिक्षकों का चयन किया गया है. इनमें प्राचार्य, प्रधान पाठक, व्याख्याता, सहायक शिक्षक सहित शिक्षा विभाग की अलग-अलग श्रेणियों के शिक्षक शामिल हैं. यह पुरस्कार वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रदान किया जा रहा है.
चार शिक्षकों को मिलेगा विशेष नवाचार पुरस्कार
शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोग और बेहतर कार्य करने वाले चार शिक्षकों को विशेष नवाचार पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा. चयनित शिक्षकों में रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, सरगुजा, बस्तर, दंतेवाड़ा, जशपुर और कोरबा समेत प्रदेश के कई जिलों के शिक्षक शामिल हैं. इससे शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहन मिलेगा.
चार महान साहित्यकारों की स्मृति में पुरस्कार
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से चार महान साहित्यकारों की स्मृति में राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार भी दिए जाते हैं. ये पुरस्कार डॉ. पदुमलाल पन्नालाल बख्शी, गजानन माधव मुक्तिबोध, डॉ. मुकुटधर पांडेय और बलदेव प्रसाद मिश्र की स्मृति में प्रदान किए जाते हैं. इस श्रेणी में हर साल प्रदेशभर से चार शिक्षकों का चयन किया जाता है.
शिक्षकों को 50-50 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र
राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों को 50-50 हजार रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है. समारोह में शामिल होने वाले शिक्षकों को विभाग की ओर से शालीन पोशाक में आने के निर्देश दिए गए हैं. शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान और प्रोत्साहन का महत्वपूर्ण अवसर होगा.
यह भी पढ़ें : CG News: जस्टिस रमेश सिन्हा रिटायर, संजय कुमार अग्रवाल बने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस

