CG News: अलग बस्तर राज्य की मांग पर CM साय का बड़ा बयान, कहा- मांग करने वाले विकास विरोधी
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने दो दिवसीय दिल्ली दौरे के बाद रायपुर पहुंचे. जन्माष्टमी के मौके पर एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में समर्थकों और लोगों ने उनका स्वागत किया. इस दौरान लोगों ने बाजे-गाजे और गुलदस्ते के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया. दिल्ली दौरे के दौरान सीएम साय ने जल शक्ति मंत्रालय की बैठक में हिस्सा लेने के साथ केंद्रीय नेताओं से भी मुलाकात की.

जल संरक्षण में छत्तीसगढ़ की उपलब्धि
रायपुर लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने जल शक्ति मंत्रालय की बैठक और जल संरक्षण को लेकर जानकारी दी. उन्होंने कहा कि ‘जल संचय जन भागीदारी अभियान’ में छत्तीसगढ़ देश में पहले स्थान पर है. सीएम ने बताया कि प्रदेश के पांच जिले जल संरक्षण के मामले में देश के टॉप-10 जिलों में शामिल हैं. उन्होंने बारिश की हर बूंद को बचाकर भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित करने पर जोर दिया.
हर राज्य में ‘कैच द रेन प्लान’ का सुझाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग राज्यों की भौगोलिक और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ‘कैच द रेन प्लान’ तैयार किया जाना चाहिए. उन्होंने बेहतर काम करने वाले राज्यों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘स्टेट वाटर अवार्ड्स’ शुरू करने का सुझाव भी दिया. सीएम के मुताबिक तकनीक, नियमित निगरानी और जनता की भागीदारी से जल संरक्षण के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सकता है.
अलग बस्तर राज्य की मांग पर CM साय का बयान
छत्तीसगढ़ से अलग बस्तर राज्य बनाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में नक्सलवाद के खात्मे जैसा असंभव माना जाने वाला काम संभव हुआ है. सीएम ने कहा कि नक्सली लंबे समय तक बस्तर में सड़क, स्कूल और विकास से जुड़े कार्यों में बाधा डालते रहे, लेकिन अब सुरक्षा और विकास के मोर्चे पर स्थिति बदल रही है.
अलग राज्य की मांग को बताया विकास विरोधी
मुख्यमंत्री साय ने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के जवानों के साहस को दिया. उन्होंने कहा कि बस्तर को अलग राज्य बनाने की मांग विकास की दिशा में सही कदम नहीं है. सीएम ने ऐसी मांग करने वालों को विकास विरोधी बताते हुए कहा कि बस्तर के विकास और छत्तीसगढ़ की एकजुटता के लिए मिलकर आगे बढ़ना जरूरी है.
यह भी पढ़ें : CG News: धमतरी में 117 करोड़ की दो सड़क परियोजनाओं को मंजूरी, गांवों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर

