Jashpur News: जशपुर में जन्माष्टमी पर अनोखा गोविंदा उत्सव, शोभायात्रा के साथ होगी मटकी फोड़ प्रतियोगिता
Jashpur News: कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर जशपुर शहर में इस बार गोविंदा उत्सव को खास अंदाज में आयोजित करने की तैयारी है. श्री बालाजी जन कल्याण समिति की ओर से शनिवार को रणजीता स्टेडियम में मटकी फोड़ प्रतियोगिता कराई जाएगी. प्रतियोगिता में अब तक 10 गोविंदा दलों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. आयोजन के पहले साल से हिस्सा लेने वाली ‘कुली नंबर वन’ टीम के भी प्रतियोगिता में शामिल होने की संभावना है.

दोपहर से शाम तक चलेगा कार्यक्रम
इस बार आयोजन को केवल मटकी फोड़ प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखा गया है. दोपहर 12 बजे से सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रम शुरू होंगे, जिनके बीच मटकी फोड़ प्रतियोगिता के अलग-अलग राउंड कराए जाएंगे. आयोजकों का लक्ष्य कार्यक्रम को शाम करीब 8 बजे तक पूरा करने का है, ताकि रात होने से पहले प्रतिभागी और दर्शक सुरक्षित अपने घर लौट सकें. जशपुर में यह प्रतियोगिता वर्ष 2008 से लगातार आयोजित की जा रही है.
20वें साल पर पहली बार निकलेगी शोभायात्रा
आयोजन के 20वें साल को यादगार बनाने के लिए इस बार पहली बार गोविंदा दल शोभायात्रा के जरिए रणजीता स्टेडियम पहुंचेंगे. शोभायात्रा जिला अस्पताल के पास स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर से शुरू होगी. इसके बाद दल बाला साहेब देशपांडे चौक और सिटी कोतवाली होते हुए स्टेडियम पहुंचेंगे. आयोजकों को उम्मीद है कि शोभायात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल होंगे.
सुरक्षा और स्वास्थ्य की रहेगी व्यवस्था
कार्यक्रम में बड़ी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई है. स्टेडियम में पुलिस बल, SIS के सुरक्षा कर्मचारी और समिति के स्वयंसेवक तैनात रहेंगे. भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम मौजूद रहेगी. समिति ने प्रतिभागियों से मटकी फोड़ के दौरान सावधानी बरतने और कड़े, अंगूठी, अन्य आभूषण या धागे नहीं पहनने की अपील की है.
मटकी फोड़ के साथ कलाकार देंगे प्रस्तुति
रणजीता स्टेडियम में प्रतियोगिता के साथ संगीत और भक्ति गीतों का भी आयोजन होगा. आयोजन से जुड़े संजय अग्रवाल और संतोष स्वर्णकार के मुताबिक, अलग-अलग क्षेत्रों से कलाकारों को प्रस्तुति के लिए बुलाया गया है. झारखंड की नागपुरी गायिका सरस्वती बुनकर और अनिल मुंडा, दुर्ग के डीजे रायडर, मध्यप्रदेश के अनूपपुर की गायिका अंजली गुप्ता और जशपुर के कोतबा के गायक संदीप शर्मा कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे. मटकी फोड़ के विभिन्न राउंड के बीच कलाकारों की प्रस्तुतियां दर्शकों का मनोरंजन करेंगी.
यह भी पढ़ें : CG News: सहकारी बैंकों और समितियों में 1,360 पदों पर होगी भर्ती, सरकार ने दी अनुमति

