CG News: लंबे समय से एक ही कार्य-पटल पर जमे अधिकारियों का बदलेगा काम, सरकार ने जारी किया आदेश
CG News: छत्तीसगढ़ शासन ने सरकारी विभागों में लंबे समय से एक ही जगह या एक ही कार्य-पटल पर काम कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को लेकर बड़ा आदेश जारी किया है. सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों, संभागीय आयुक्तों और कलेक्टरों समेत संबंधित कार्यालयों को निर्देश दिए हैं कि लंबे समय से एक ही कार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे कर्मचारियों का कार्य-पटल बदला जाए.

हर तीन साल में जरूरी होगा बदलाव
3 अगस्त 2026 को जारी आदेश के मुताबिक विभागाध्यक्ष कार्यालयों, संभागीय आयुक्त कार्यालयों, कलेक्टर कार्यालयों और अधीनस्थ कार्यालयों में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों का हर तीन वर्ष में अनिवार्य रूप से कार्य-पटल परिवर्तन किया जाएगा. शासन का मानना है कि अलग-अलग जिम्मेदारियां मिलने से कर्मचारियों को विभिन्न कार्य प्रक्रियाओं और कार्यालयीन व्यवस्थाओं का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा.
पारदर्शिता और सुशासन पर सरकार का जोर
सरकार ने यह व्यवस्था प्रशासनिक कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से लागू की है. कार्य-पटल बदलते समय अधिकारी या कर्मचारी की प्रशासनिक जरूरत, काम की प्रकृति और कार्यालय के हित को ध्यान में रखना होगा. इससे लंबे समय तक एक ही जिम्मेदारी संभालने से बनने वाली कार्यशैली में बदलाव आने की उम्मीद है.
विशेष परिस्थिति में मिल सकती है छूट
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कुछ विशेष परिस्थितियों में किसी अधिकारी या कर्मचारी को उसी कार्य-पटल पर बनाए रखना जरूरी हो सकता है. ऐसे मामलों में सक्षम प्राधिकारी से लिखित और कारणयुक्त अनुमति लेना अनिवार्य होगा. यानी बिना उचित कारण और स्वीकृति के किसी कर्मचारी को लंबे समय तक उसी कार्य-पटल पर रखने की व्यवस्था नहीं होगी.
कार्रवाई का रिकॉर्ड भी रखना होगा
सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालय प्रमुखों को आदेश का समयबद्ध तरीके से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. कार्य-पटल परिवर्तन से जुड़े आवश्यक अभिलेख और विवरण कार्यालय स्तर पर सुरक्षित रखने होंगे. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है. ऐसे में लंबे समय से एक ही जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्य-पटल में आने वाले समय में बदलाव देखने को मिल सकता है.
यह भी पढ़ें : CG News: दिसंबर 2026 तक शुरू हो सकता है रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे, अब सफर होगा आसान

