CG News: शिक्षकों की कमी दूर करने सरकार का नया प्लान, 800 से ज्यादा निलंबित शिक्षकों के मामलों की होगी समीक्षा
CG News: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग नई व्यवस्था पर काम कर रहा है. विभाग प्रदेश में निलंबित 800 से अधिक शिक्षकों के प्रकरणों की समीक्षा करेगा. समीक्षा के बाद जो शिक्षक पात्र पाए जाएंगे, उनकी बहाली कर जरूरत वाले स्कूलों में पदस्थापना की जा सकती है.

शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों के साथ की बैठक
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने हाल ही में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर शिक्षकों की उपलब्धता समेत कई मुद्दों पर चर्चा की. बैठक में निलंबित शिक्षकों के प्रकरण, स्कूलों में शिक्षकों की जरूरत और अटैचमेंट व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. विभाग का जोर विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने पर है.
जरूरत वाले स्कूलों की तैयार हो रही सूची
विभाग ऐसे स्कूलों पर विशेष ध्यान दे रहा है, जहां युक्तियुक्तकरण के बाद केवल एक शिक्षक रह गया है या विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में शिक्षकों की कमी बनी हुई है. ऐसे स्कूलों की जिला स्तर पर सूची तैयार की जा रही है. समीक्षा के बाद बहाली के लिए पात्र शिक्षकों को इन्हीं जरूरत वाले स्कूलों में पदस्थ किया जा सकता है.
सभी निलंबित शिक्षकों की नहीं होगी बहाली
विभाग की समीक्षा में सभी निलंबित शिक्षकों को एक समान नहीं माना जाएगा. प्रत्येक शिक्षक के निलंबन के कारण और मौजूदा स्थिति की अलग-अलग जांच होगी. जिन शिक्षकों पर गंभीर आरोप हैं, जिनके खिलाफ विभागीय जांच चल रही है या जिनके मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं, उनके प्रकरणों को विशेष तौर पर देखा जाएगा.
बहाली का फैसला जांच के बाद
शिक्षा विभाग का उद्देश्य शिक्षकों की कमी को दूर करना है, लेकिन इसके लिए नियमों और पात्रता का ध्यान रखा जाएगा. समीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही तय होगा कि किन निलंबित शिक्षकों को बहाल किया जा सकता है. ऐसे में अब 800 से अधिक प्रकरणों की समीक्षा के बाद विभाग क्या फैसला लेता है, इस पर शिक्षकों और विद्यार्थियों की नजर रहेगी.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर रेल मंडल की नई पहल, रेलवे स्टेशनों पर प्लास्टिक कचरे का मौके पर होगा निपटान




