CG News: रायपुर रेल मंडल की नई पहल, रेलवे स्टेशनों पर प्लास्टिक कचरे का मौके पर होगा निपटान
CG News: रायपुर रेल मंडल ने पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक कचरे के उचित निपटान के लिए नई पहल शुरू करने की तैयारी की है. रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली खाली पानी और कोल्ड ड्रिंक की प्लास्टिक बोतलों को अब मौके पर ही क्रश किया जाएगा. इसके लिए सबसे पहले राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन पर प्लास्टिक बॉटल क्रशर मशीनें लगाई जाएंगी.

6 प्लेटफॉर्म पर लगेंगी मशीनें
रायपुर रेलवे स्टेशन के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कुल 6 प्लास्टिक बॉटल क्रशर मशीनें लगाने की योजना है. यात्री इस्तेमाल के बाद खाली बोतलों को इन मशीनों में डाल सकेंगे, जिसके बाद बोतलों को क्रश कर दिया जाएगा. क्रश की गई प्लास्टिक को सुरक्षित तरीके से रीसाइक्लिंग के लिए भेजने की व्यवस्था की जाएगी.
4 और स्टेशनों तक होगा विस्तार
रायपुर स्टेशन पर इस व्यवस्था की शुरुआत के बाद इसे मंडल के दूसरे स्टेशनों तक भी पहुंचाने की योजना है. अगले चरण में तिल्दा-नेवरा, भिलाई, दुर्ग और भाटापारा पावर हाउस रेलवे स्टेशनों पर भी प्लास्टिक बॉटल क्रशर मशीनें लगाए जाने की तैयारी है. इससे इन स्टेशनों पर प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक तरीके से निपटान को बढ़ावा मिलेगा.
पटरियों और नालियों में कम होगा कचरा
रेलवे के मुताबिक, प्लास्टिक बोतलों को मौके पर ही क्रश करने से प्लेटफॉर्म और पटरियों पर कचरा फैलने की समस्या कम होगी. इसके अलावा नालियों में प्लास्टिक फंसने की परेशानी भी घट सकती है. इससे स्टेशन परिसर की साफ-सफाई बेहतर रखने में मदद मिलेगी और सफाई कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी.
यात्रियों से सहयोग की अपील
इस पहल को सफल बनाने में यात्रियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी. रेलवे का उद्देश्य है कि इस्तेमाल के बाद प्लास्टिक बोतलों को इधर-उधर फेंकने के बजाय क्रशर मशीन में डाला जाए. इससे प्लास्टिक कचरे का बेहतर प्रबंधन होगा और रेलवे स्टेशनों को अधिक स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका पर टिप्पणी मामला, हाईकोर्ट ने प्रणव और लक्ष्यधर को दी सशर्त राहत



