CG News: जशपुर में पहली बार राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता, 2.50 लाख की इनामी राशि
CG News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की शतरंज प्रतियोगिता आयोजित होने जा रही है. जिला प्रशासन, खेल विभाग और जशपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त सहयोग से चेकमेट एट जशपुर अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया जाएगा. प्रतियोगिता 29 अगस्त से 1 सितंबर तक पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में होगी.

देशभर से पहुंचेंगे खिलाड़ी
इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों से शतरंज खिलाड़ी शामिल होंगे. खिलाड़ियों को फिडे के आधिकारिक नियमों के अनुसार स्विस प्रणाली में कुल 8 चक्रों में मुकाबले खेलने होंगे. आयोजन का उद्देश्य जशपुर में शतरंज को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर देना भी है.
विजेता को मिलेंगे 50 हजार रुपये
प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि 2 लाख 50 हजार रुपये रखी गई है. मुख्य वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी को 50 हजार रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी. दूसरे स्थान के लिए 30 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 20 हजार रुपये के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी. इसके अलावा अलग-अलग रेटिंग वर्ग, महिला, वरिष्ठ नागरिक और आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए भी पुरस्कार रखे गए हैं.
स्थानीय खिलाड़ियों के लिए अलग शुल्क
जशपुर जिले के खिलाड़ियों के लिए पंजीयन शुल्क 200 रुपये तय किया गया है. सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों को 800 रुपये और अन्य स्थानों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए 1,200 रुपये शुल्क निर्धारित है. वहीं ग्रैंडमास्टर, इंटरनेशनल मास्टर, महिला ग्रैंडमास्टर, महिला इंटरनेशनल मास्टर और 2200 या उससे अधिक फिडे रेटिंग वाले खिलाड़ियों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा.
पहले 50 खिलाड़ियों को मुफ्त आवास
दूर-दराज से आने वाले खिलाड़ियों की सुविधा के लिए पहले 50 प्रतिभागियों को निशुल्क आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. पिछले वर्ष के विजेता स्पर्श खंडेलवाल और प्रथम रनर-अप वी. विराट अय्यर ने भी खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की है. जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण को देखते हुए इस आयोजन से जिले में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें : CG News: iGOT Karmayogi Ranking: छत्तीसगढ़ 9वें स्थान पर, रैंकिंग सुधारने के लिए सरकार ने जारी किए निर्देश



