CG News: iGOT Karmayogi Ranking: छत्तीसगढ़ 9वें स्थान पर, रैंकिंग सुधारने के लिए सरकार ने जारी किए निर्देश
CG News: जुलाई 2026 की iGOT कर्मयोगी रैंकिंग में छत्तीसगढ़ ने अपनी श्रेणी में 9वां स्थान हासिल किया है. राज्य का कंपोजिट स्कोर 30.79 रहा. अब सरकार का लक्ष्य आने वाली रैंकिंग में प्रदेश की स्थिति बेहतर करना है. इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी सरकारी विभागों को क्षमता निर्माण, ऑनलाइन कोर्स और कर्मचारियों की नियमित लर्निंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं.
तीन मानकों से तय होती है रैंकिंग
iGOT कर्मयोगी की रैंकिंग 100 अंकों के तीन प्रमुख आधार पर तय की जाती है. इसमें AI आधारित Capacity Building Plans के लिए 30 अंक, विभागों द्वारा प्लेटफॉर्म पर लाइव कोर्स उपलब्ध कराने के लिए 30 अंक और कर्मचारियों की नियमित ऑनलाइन लर्निंग के लिए 40 अंक निर्धारित हैं. सरकार ने इन तीनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने पर जोर दिया है.
हर विभाग को तैयार करना होगा कोर्स
सामान्य प्रशासन विभाग ने सरकारी विभागों को AI आधारित टूल की मदद से अपने कर्मचारियों की भूमिका के अनुसार Capacity Building Plan तैयार करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही हर विभाग को अपने कार्यक्षेत्र से जुड़े विषयों पर कम से कम एक उपयोगी कोर्स तैयार करके iGOT प्लेटफॉर्म पर अपलोड करना होगा. राज्य ने अधिकतम अंक हासिल करने के लिए कम से कम 10 लाइव कोर्स उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है.
कर्मचारियों को हर महीने करनी होगी लर्निंग
रैंकिंग में सबसे ज्यादा 40 अंक कर्मचारियों की नियमित ऑनलाइन पढ़ाई से जुड़े हैं. इसके लिए सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को हर महीने iGOT पर कम से कम एक घंटे का कोर्स पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. ज्यादा कर्मचारियों द्वारा तय अवधि की लर्निंग पूरी करने पर राज्य का स्कोर भी बेहतर होगा. विभागों को इस पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं.
फ्रंटलाइन कर्मचारियों को भी जोड़ने की तैयारी
सरकार अब फ्रंटलाइन कर्मचारियों को भी iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर जोर दे रही है. इसके अलावा स्थानीय भाषा में राज्य की योजनाओं, कानूनों, मिशनों और नीतियों से जुड़े डिजिटल कोर्स तैयार करने की दिशा में भी काम किया जाएगा. जुलाई की रैंकिंग में छत्तीसगढ़ 30.79 अंकों के साथ 9वें स्थान पर है. अब CBP, लाइव कोर्स और कर्मचारियों की मासिक लर्निंग के जरिए रैंकिंग सुधारने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों पर होगी.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर में BJP की अहम बैठक, 2 महीने के कामकाज की समीक्षा, सत्ता-संगठन के तालमेल पर फोकस



