CG News: हेमाबंद में 126 पशुओं को कराया सुरक्षित, अतिक्रमण हटाया और पंचायत सचिव निलंबित
CG News: बेमेतरा जिले की दाढ़ी तहसील के ग्राम हेमाबंद में आवारा और घुमंतू पशुओं को कथित तौर पर अनाधिकृत तरीके से बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया. शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल पशु चिकित्सक की टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई. जांच में शिकायत प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी दिलीप राय और उसके बेटे संजय राय को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया.

आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार दिलीप राय और संजय राय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई का दायरा केवल एफआईआर तक सीमित नहीं रखा और आरोपी के कब्जे वाली शासकीय भूमि से अतिक्रमण भी हटाया.
126 पशुओं को गौशालाओं में पहुंचाया
मौके पर मिले 126 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया. इसके बाद सभी पशुओं को वहां से हटाकर जिले की अलग-अलग गौशालाओं में सुरक्षित पहुंचाया गया. पशुओं के स्वास्थ्य और उपचार की निगरानी के लिए विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम को जिम्मेदारी दी गई है. प्रशासन का उद्देश्य पशुओं को सुरक्षित वातावरण और जरूरी उपचार उपलब्ध कराना है.
मृत पशुओं की मौत की होगी जांच
जांच के दौरान गांव की सीमा में कुछ मृत पशु भी मिले हैं. इनकी मौत किन परिस्थितियों में और किस वजह से हुई, इसका पता लगाने के लिए तीन पशु चिकित्सकों की टीम गठित की गई है. टीम आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और जांच कर रही है. वहीं आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए जब्त ट्रैक्टर के खिलाफ भी राजसात की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पंचायत सचिव निलंबित
मामले में पंचायत स्तर पर लापरवाही को लेकर भी प्रशासन ने कार्रवाई की है. ग्राम पंचायत हेमाबंद के सचिव प्रकाश कोशले को कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. जिला प्रशासन ने साफ किया है कि पशु क्रूरता, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और जिम्मेदार अधिकारियों या कर्मचारियों की लापरवाही के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें : CG News: बिलासपुर में PM आवास पर सख्ती, पहली किस्त लेकर घर नहीं बनाया तो होगी कार्रवाई



