CG News: रायगढ़ के किरोड़ीमल अस्पताल का होगा कायाकल्प, 300 बेड के नए भवन को मिली मंजूरी
CG News: रायगढ़ के किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय के पुराने भवन को बदलकर अब 300 बेड का नया अस्पताल भवन तैयार किया जाएगा. लंबे समय से अस्पताल के नए भवन की मांग की जा रही थी, क्योंकि मौजूदा इमारत पुरानी होने के कारण मरीजों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही थीं. शासन ने अस्पताल के निर्माण और आधुनिकीकरण के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है.

मरीजों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
नए अस्पताल भवन में मरीजों के लिए पहले से बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है. गायनिक और पिडियाट्रिक्स विभाग को नए उपकरणों से लैस किया जाएगा. इसके अलावा गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के उपचार के लिए आधुनिक बर्न यूनिट भी बनाई जाएगी. इससे जिले के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है.
बेसमेंट में जांच की सुविधाएं
नए भवन के बेसमेंट में कई महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं विकसित की जाएंगी. यहां CT Scan, MRI, डिजिटल एक्स-रे, एक्स-रे, अल्ट्रासोनोग्राफी और रेडियोलॉजी से जुड़ी सुविधाएं होंगी. इसके साथ स्टोर रूम, रिकॉर्ड रूम, लिफ्ट, शौचालय और वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी प्रस्तावित है. इससे मरीजों को एक ही परिसर में कई जरूरी जांच सुविधाएं मिल सकेंगी.
अलग-अलग मंजिलों पर होंगे वार्ड
ग्राउंड फ्लोर पर OPD, आपातकालीन कक्ष, मदर एंड चाइल्ड वार्ड, NNC वार्ड, PNC वार्ड और HDU जैसी सुविधाएं होंगी. पहली मंजिल पर SNCU, NICU, ICU, OT कॉम्प्लेक्स और मातृ एवं नवजात शिशु से जुड़े वार्ड बनाए जाएंगे. दूसरी मंजिल पर पुरुष और महिला सामान्य वार्ड, निजी वार्ड, बर्न वार्ड और ब्लड बैंक की व्यवस्था होगी. तीसरी मंजिल पर प्रशासनिक कक्ष, पैथोलॉजी, कौशल प्रयोगशाला, स्टोर और वेटिंग एरिया जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं.
बारिश के बाद शुरू होगा निर्माण
अस्पताल प्रबंधन द्वारा तैयार किया गया भवन का नक्शा शासन को भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल चुकी है. सिविल सर्जन के अनुसार बरसात खत्म होने के बाद 300 बेड वाले नए अस्पताल भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. नए भवन के तैयार होने के बाद OPD से लेकर जांच और उपचार तक मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में राशन वितरण का नया नियम, सितंबर में ही मिलेगा अक्टूबर का चावल




