CG News: घर-घर पहुंचेगी पाइपलाइन गैस, जानिए कितना आएगा कनेक्शन खर्च
CG News: राजनांदगांव शहर के लोगों के लिए रसोई गैस को लेकर बड़ी सुविधा शुरू होने की तैयारी है. छत्तीसगढ़ शहरी गैस नीति 2026 के तहत अब घर-घर पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस यानी PNG पहुंचाने की योजना पर काम शुरू हो गया है. इसको लेकर नगर निगम, खाद्य विभाग और गैस एजेंसी के प्रतिनिधियों ने बैठक कर कार्ययोजना पर चर्चा की है.

ढाई लाख उपभोक्ताओं को मिल सकता है फायदा
जिले में फिलहाल 15 LPG गैस एजेंसियां संचालित हैं और करीब ढाई लाख उपभोक्ता हैं. PNG नेटवर्क का विस्तार होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों को गैस का वैकल्पिक विकल्प मिल सकेगा. पाइपलाइन से गैस मिलने पर उपभोक्ताओं को सिलेंडर रखने और बार-बार बुकिंग कराने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है.
करीब 6 हजार रुपए हो सकता है कनेक्शन खर्च
परियोजना के पहले चरण में अंबेडकर चौक, बसंतपुर चौक, गोकुल नगर और RK नगर समेत आसपास के विकसित इलाकों को पाइपलाइन नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी है. हर घर में PNG कनेक्शन के साथ मीटर लगाया जाएगा. शुरुआती कनेक्शन खर्च करीब 6 हजार रुपए तक आने की जानकारी दी गई है. खास बात यह होगी कि उपभोक्ता जितनी गैस इस्तेमाल करेगा, भुगतान भी उसी खपत के आधार पर करना होगा.
ठेलकाडीह से शहर तक पहुंचेगी गैस
अदाणी टोटल गैस लिमिटेड के मुताबिक ठेलकाडीह में मुख्य गैस स्टेशन तैयार किया जा रहा है. वहां से राजनांदगांव शहर तक पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है. इसके बाद शहर में सब-स्टोरेज स्टेशन के जरिए अलग-अलग इलाकों और घरों तक PNG पहुंचाने की व्यवस्था विकसित की जाएगी.
निगम की अनुमति के बाद आगे बढ़ेगा काम
नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने परियोजना को उपभोक्ताओं के लिए फायदेमंद बताया है. उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में योजना लागू करने के लिए नगर निगम की अनुमति प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाई जाएगी. अगर योजना तय प्रक्रिया के अनुसार जमीन पर उतरती है, तो आने वाले समय में राजनांदगांव की रसोई में सिलेंडर की जगह पाइपलाइन से सीधे गैस पहुंचती नजर आ सकती है.




