CG News: रायपुर में आज से परीक्षा शुरू, 185 अभ्यर्थी होंगे शामिल
CG News: संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विस मेन्स परीक्षा 2026 आज से शुरू हो गई है. रायपुर में परीक्षा का आयोजन जेआर दानी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, कालीबाड़ी चौक में किया जा रहा है. परीक्षा 21, 22, 23, 29 और 30 अगस्त को होगी, जिसमें कुल 185 अभ्यर्थी शामिल होंगे.

दो पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी. पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी. परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था और अभ्यर्थियों के प्रवेश सहित सभी जरूरी इंतजाम पूरे किए गए हैं.

30 मिनट पहले बंद होगा गेट
अभ्यर्थियों के प्रवेश को लेकर प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है. परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा. इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा. केंद्र में प्रवेश फेस आइडेंटिफिकेशन के जरिए होगा, इसलिए अभ्यर्थियों से समय से पहले पहुंचने की अपील की गई है.
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
परीक्षा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए डिप्टी कलेक्टर रायपुर उत्तम प्रसाद रजक को सहायक को-ऑर्डिनेटिंग सुपरवाइजर बनाया गया है. वहीं विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर के रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को कंट्रोल रूम प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है. अधिकारियों को UPSC के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
लाखों अभ्यर्थी देते हैं UPSC की परीक्षा
UPSC सिविल सर्विस परीक्षा में हर साल बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होते हैं. वर्ष 2025 में 10 लाख से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 14,161 अभ्यर्थी मेन्स परीक्षा तक पहुंचे और 2,736 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया. वहीं 979 पदों पर अंतिम चयन हुआ था. इससे पहले 2024 में करीब 13 लाख आवेदन आए थे और 1,009 पदों पर उम्मीदवारों का चयन हुआ था.
यह भी पढ़ें : CG News: CG की छात्राओं के लिए बड़ी खबर, हर साल मिलेगी ₹30 हजार की स्कॉलरशिप




