CG News: कोंडागांव में 23 सितंबर को खुलेगा माता लिंगेश्वरी मंदिर का द्वार, दर्शन के लिए उमड़ेंगे श्रद्धालु
CG News: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव विकासखंड के ग्राम झाटीबन-आलोर की पहाड़ी गुफा में स्थित प्रसिद्ध माता लिंगेश्वरी मंदिर का द्वार इस वर्ष 23 सितंबर, बुधवार को श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा. मंदिर सेवा समिति की बैठक में मंदिर खोलने की तारीख तय की गई है. वार्षिक दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में अभी से उत्साह दिखाई दे रहा है.

संतान प्राप्ति की मनोकामना से पहुंचते हैं श्रद्धालु
बस्तर की पहाड़ियों के बीच गुफा में शिवलिंग के स्वरूप में विराजमान माता लिंगेश्वरी के प्रति भक्तों की गहरी आस्था है. हर साल छत्तीसगढ़ के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं. विशेष रूप से संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर आने वाले दंपती माता के दर्शन और पूजा-अर्चना करते हैं.
श्रद्धालु साथ लेकर आएं खीरा
मंदिर सेवा समिति ने संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर आने वाले श्रद्धालुओं से अपने साथ खीरा लाने की अपील की है. वहीं बारिश के मौसम को देखते हुए भक्तों को रेनकोट और छाता साथ रखने की सलाह भी दी गई है. पहाड़ी और गुफा वाले क्षेत्र में मौसम को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने को कहा गया है.
बाहर से होंगे माता के दर्शन
मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक रहेगी और भक्तों को बाहर से ही माता के दर्शन कराए जाएंगे. मंदिर खुलने से एक दिन पहले ही पहाड़ी के नीचे श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती है. वार्षिक दर्शन और मेले का भक्तों को पूरे साल इंतजार रहता है, जिसके चलते इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है.
वार्षिक मेले को लेकर उत्साह
माता लिंगेश्वरी मंदिर के वार्षिक दर्शन और मेले को लेकर क्षेत्र में तैयारियां शुरू हो गई हैं. पहाड़ी गुफा में स्थित इस धार्मिक स्थल को लेकर स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से आने वाले भक्तों में भी विशेष आस्था है. 23 सितंबर को मंदिर का द्वार खुलने के साथ ही यहां श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है और पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल देखने को मिलेगा.
यह भी पढ़ें : CG News: नितिन नवीन की नई टीम घोषित, रूप कुमारी चौधरी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और दीपक म्हस्के सोशल मीडिया संयोजक बने



