CG News: रायपुर में CM साय और सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब की मुलाकात, बोहरा समुदाय के योगदान की सराहना
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को रायपुर में दाऊदी बोहरा समुदाय के प्रमुख परमपावन सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब से मुलाकात की, मुख्यमंत्री ने सैयदना साहब का छत्तीसगढ़ में स्वागत किया और राज्य के विकास में दाऊदी बोहरा समुदाय के योगदान की सराहना की, उन्होंने कहा कि बोहरा समुदाय रायपुर में लंबे समय से सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों का हिस्सा रहा है, व्यापार के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी समुदाय की सक्रिय भूमिका दिखाई देती है.

सामुदायिक रसोइयों की CM ने की सराहना
मुख्यमंत्री ने दाऊदी बोहरा समुदाय की फैज़ अल-मवाइद अल-बुरहानियाह, FMB, सामुदायिक रसोइयों की भी सराहना की, इन सामुदायिक रसोइयों के जरिए दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बोहरा परिवारों तक प्रतिदिन भोजन पहुंचाया जाता है, मुख्यमंत्री ने बच्चों को तकनीक के जिम्मेदार इस्तेमाल को लेकर सैयदना साहब के मार्गदर्शन की भी प्रशंसा की, उन्होंने स्मार्टफोन के हानिकारक प्रभावों से बच्चों को बचाने और उनके बेहतर विकास पर दिए जा रहे संदेश का स्वागत किया.
सैयदना साहब ने सरकार का जताया आभार
सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब ने छत्तीसगढ़ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री, उनके परिवार और समुदाय के सदस्यों को मिले आतिथ्य के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया, उन्होंने छत्तीसगढ़ में किए जा रहे विकास और जनकल्याण के कार्यों की भी सराहना की, सैयदना साहब ने राज्य के आदिवासी बच्चों की शिक्षा और कल्याण के लिए आर्थिक योगदान भी दिया, इस पहल को सामाजिक सरोकार से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
एक दशक बाद छत्तीसगढ़ पहुंचे सैयदना साहब
परमपावन सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब करीब एक दशक के अंतराल के बाद छत्तीसगढ़ की यात्रा पर पहुंचे हैं, रायपुर में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, सैयदना साहब के साथ आए वरिष्ठ सदस्य और स्थानीय दाऊदी बोहरा समुदाय के प्रतिनिधि मौजूद रहे, मुलाकात के दौरान सामाजिक विकास, जनकल्याण और समुदाय की भूमिका से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई.
बिलासपुर सहित कई शहरों का करेंगे दौरा
रायपुर के बाद सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब बिलासपुर, तखतपुर और भाटापारा का दौरा करेंगे, इस दौरान वे स्थानीय दाऊदी बोहरा समुदाय के सदस्यों से मुलाकात करेंगे, उनकी यात्रा को लेकर समुदाय के लोगों में खासा उत्साह है, लंबे अंतराल के बाद छत्तीसगढ़ पहुंचे सैयदना साहब की यह यात्रा सामाजिक जुड़ाव और सामुदायिक संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
यह भी पढ़ें : CG News: महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी, अब पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मिलेगा एडमिशन
