CG News: महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी, अब पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मिलेगा एडमिशन
CG News: प्रदेश के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी गई है, इससे कॉलेज में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है, पहले महाविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि प्राचार्य स्तर पर 31 जुलाई निर्धारित की गई थी, वहीं कुलपति की विशेष अनुमति से 14 अगस्त तक प्रवेश दिया जा सकता था, अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने देर रात आदेश जारी कर प्रवेश की अवधि बढ़ा दी.

अब नहीं जारी होगी मेरिट लिस्ट
नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थी 31 अगस्त तक महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे, इस बार दाखिले के लिए अलग से मेरिट लिस्ट जारी नहीं की जाएगी, छात्रों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा, उच्च शिक्षा विभाग की ओर से सभी संबंधित विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को इस संबंध में जानकारी भेज दी गई है, कॉलेजों को उपलब्ध सीटों के अनुसार विद्यार्थियों को प्रवेश देने के निर्देश दिए गए हैं.
23 हजार विद्यार्थियों को मिली राहत
प्रवेश की तारीख बढ़ने से उन महाविद्यालयों को भी राहत मिली है, जहां अभी तक सभी सीटें नहीं भर पाई हैं, वहीं माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दसवीं और बारहवीं कक्षा की द्वितीय परीक्षा के परिणाम भी जारी कर दिए हैं, बारहवीं की द्वितीय परीक्षा में 34,493 विद्यार्थी शामिल हुए थे, इनमें करीब 23 हजार विद्यार्थी परीक्षा में सफल रहे, परिणाम जारी होने के बाद इन विद्यार्थियों के लिए कॉलेज में प्रवेश का रास्ता आसान हुआ है.
रिजल्ट के बाद कम मिला था समय
द्वितीय परीक्षा में शामिल होने वाले अधिकतर विद्यार्थी पूरक श्रेणी से संबंधित थे, वहीं कुछ विद्यार्थियों ने मार्च में हुई मुख्य परीक्षा में पास होने के बावजूद अंकों में सुधार के लिए दोबारा परीक्षा दी थी, गुरुवार को परिणाम जारी होने के बाद उनके पास कॉलेज में प्रवेश लेने के लिए बेहद कम समय बचा था, ऐसे में कई विद्यार्थी समय पर दाखिला नहीं ले सके, अब प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ने से उन्हें राहत मिल गई है.
विद्यार्थियों को मिला एक और मौका
उच्च शिक्षा विभाग के नए आदेश के बाद विद्यार्थियों को कॉलेज और विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के लिए 31 अगस्त तक का अतिरिक्त समय मिल गया है, इससे खासतौर पर उन छात्रों को फायदा होगा, जिनका परिणाम हाल ही में जारी हुआ है या जो किसी कारण से तय समय सीमा में प्रवेश नहीं ले सके, अब विद्यार्थी उपलब्ध सीटों के अनुसार पहले आओ, पहले पाओ की व्यवस्था के तहत दाखिला ले सकेंगे, वहीं कॉलेजों को प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.
