CG News: रायपुर में CM साय और चंद्रप्रकाश द्विवेदी की मुलाकात, भारतीय विरासत से लेकर सिनेमा तक संवाद
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक और अभिनेता पद्मश्री डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया. इस दौरान भारतीय इतिहास, संस्कृति, साहित्य और सिनेमा से जुड़े कई विषयों पर दोनों के बीच बातचीत हुई.

भारतीय विरासत को सिनेमा से जोड़ने की सराहना
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय सिनेमा और टेलीविजन ने देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उन्होंने डॉ. द्विवेदी के रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने इतिहास और साहित्य से जुड़े विषयों को शोध, संवेदनशीलता और प्रभावशाली प्रस्तुति के जरिए दर्शकों तक पहुंचाया है.
चाणक्य धारावाहिक का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने दूरदर्शन के चर्चित धारावाहिक ‘चाणक्य’ का विशेष तौर पर जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आचार्य चाणक्य के व्यक्तित्व, राष्ट्रबोध और राजनीतिक विचारों को डॉ. द्विवेदी ने जिस प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया, उसकी दर्शकों पर गहरी छाप पड़ी. सीएम के मुताबिक, इतिहास और संस्कृति पर आधारित ऐसी रचनाएं युवाओं को अपनी सभ्यता और राष्ट्रीय मूल्यों को समझने में मदद करती हैं.
छत्तीसगढ़ की संस्कृति पर भी हुई चर्चा
डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री के स्वागत और सम्मान के लिए आभार जताया. बातचीत के दौरान छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं, साहित्य और ऐतिहासिक विरासत पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और आदिवासी परंपराएं छत्तीसगढ़ की खास पहचान हैं. उन्होंने कहा कि लोककला और लोकसाहित्य में रचनात्मक कार्यों के लिए व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं.
कार्यक्रम में कई प्रमुख लोग रहे मौजूद
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह जूदेव और प्रबल प्रताप सिंह जूदेव सहित अन्य लोग मौजूद रहे. इस मुलाकात में भारतीय इतिहास और संस्कृति को रचनात्मक माध्यमों के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंचाने की संभावनाओं पर भी विचार साझा किए गए.
यह भी पढ़ें : CG News: SAIL CMD डॉ. अशोक कुमार पंडा का छत्तीसगढ़ दौरा, BSP विस्तार और रावघाट माइंस पर हुई अहम चर्चा
