CG News: CM साय के स्वतंत्रता दिवस भाषण में युवाओं पर फोकस, रोजगार, भर्ती और AI को मिल सकती है बड़ी जगह
CG News: स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संबोधन में युवाओं और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से सामने आ सकते हैं, मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल में भर्ती सुधार, रोजगार, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और AI के क्षेत्र में उठाए गए कदमों को सरकार की उपलब्धियों के तौर पर गिना सकते हैं, साथ ही युवाओं के लिए आने वाले समय में रोजगार और नए अवसरों को लेकर भी बड़ा विजन सामने रखा जा सकता है.

500 करोड़ का AI मिशन
युवाओं को नई तकनीक से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने 5 साल के लिए 500 करोड़ रुपए के छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन को मंजूरी दी है, इसके तहत 100 AI डेटा लैब और 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने की योजना है, करीब 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है, इसके अलावा 300 से ज्यादा AI स्टार्टअप्स को सहयोग और 50 से अधिक AI आधारित सरकारी सेवाएं विकसित करने की योजना है.
भर्ती प्रक्रिया में बदलाव
सरकार की ओर से भर्ती प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है, तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के गठन की दिशा में कदम उठाया गया है, वहीं CGPSC की भर्ती प्रक्रिया में भी सुधार किए गए हैं, सरकार भर्ती परीक्षाओं के लिए निश्चित परीक्षा कैलेंडर लागू करने की दिशा में काम कर रही है, ऐसे में मुख्यमंत्री के भाषण में युवाओं से जुड़े इन सुधारों का जिक्र संभव है.
कौशल विकास और रोजगार पर जोर
सरकार युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने के साथ उन्हें उद्योगों से जोड़ने पर भी फोकस कर रही है, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत अब तक लाखों युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, वहीं जिलों में रोजगार मेलों के जरिए युवाओं को कंपनियों से सीधे जोड़ने की कोशिश की जा रही है, ITI के आधुनिकीकरण और उद्योगों की जरूरत के मुताबिक नए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने पर भी जोर है.
निजी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर
नई औद्योगिक नीति के जरिए निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने की तैयारी भी सरकार की प्राथमिकता में है, सेमीकंडक्टर, AI डेटा सेंटर, टेक्सटाइल और अन्य नए उद्योगों में निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है, सरकार का लक्ष्य ऐसे उद्योगों को प्रोत्साहित करना है जो स्थानीय युवाओं के लिए बड़ी संख्या में रोजगार पैदा कर सकें, इसके अलावा तकनीकी शिक्षा, इंजीनियरिंग और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में बढ़ते दाखिलों को भी युवा केंद्रित विकास के संकेत के तौर पर पेश किया जा सकता है, ऐसे में 15 अगस्त के संबोधन में रोजगार, AI, कौशल विकास और शिक्षा से जुड़े कई अहम ऐलान या उपलब्धियां चर्चा में रह सकती हैं.
यह भी पढ़ें : CG News: Green Steel पर छत्तीसगढ़ में बड़ा निवेश, ₹13,840 करोड़ के प्रस्ताव से हजारों रोजगार की उम्मीद

