CG News : नक्सलियों के गढ़ में तिरंगा यात्रा, बुलेट पर सवार डिप्टी CM विजय शर्मा ने किया नेतृत्व
CG News : जहां कभी नक्सलियों का दबदबा माना जाता था, अब उन्हीं इलाकों में तिरंगा लहराने का संदेश दिया जा रहा है। तीन दिवसीय बस्तर तिरंगा यात्रा बुधवार को नारायणपुर से शुरू हुई। बड़ी संख्या में बस्तर के युवा और बाइकर्स इस यात्रा में शामिल हुए। डिप्टी CM विजय शर्मा ने बुलेट चलाकर यात्रा का नेतृत्व किया। यात्रा के दौरान शहीद जवानों से जुड़े स्थानों की मिट्टी भी एकत्र की जा रही है। करीब 400 किलोमीटर की यह यात्रा दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर के संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरेगी।

हिड़मा-देवा के गढ़ से गुजरेगा बाइकर्स का काफिला
तिरंगा यात्रा में बुरकापाल, मिनपा-ताड़मेटला, जगरगुंडा, सिलगेर और टेकलगुड़ेम जैसे संवेदनशील इलाके शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। यात्रा का काफिला बारसूर के इंद्रावती सातधार पुल से भी गुजरा, जिसे कभी अबूझमाड़ का प्रवेश द्वार और नक्सलियों का कोर जोन माना जाता था। हिड़मा और देवा जैसे नक्सली कमांडरों के प्रभाव वाले इलाकों से तिरंगा लेकर बाइकर्स आगे बढ़ रहे हैं। 14 अगस्त को कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर तिरंगा फहराने के साथ यात्रा का समापन होगा।
ग्रामीणों ने रोजगार की मांग उठाई
कोंडागांव जिले के सीमावर्ती गांव कड़ेनार में भी तिरंगा यात्रा पहुंची। यह गांव दंतेवाड़ा, कोंडागांव और नारायणपुर जिलों की सीमा से लगा हुआ है। यात्रा से पहले प्रशासन की टीम के पहुंचने पर ग्रामीणों ने रोजगार की समस्या उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं होने के कारण लोगों को दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है। वहीं डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा के जरिए बस्तर में शांति और नक्सलमुक्ति का संदेश दिया जा रहा है।

