CG News : शराब घोटाला केस में रामगोपाल अग्रवाल गिरफ्तार, 5 दिन की ED रिमांड; बघेल ने किया विरोध
CG News : छत्तीसगढ़ के कथित 3400 करोड़ रुपए के शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें रायपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने 5 दिनों की रिमांड मंजूर की। अब उन्हें 17 अगस्त को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। जांच एजेंसियों के अनुसार, शराब घोटाले के साथ कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े पैसों को ठिकाने लगाने में रामगोपाल अग्रवाल की कथित भूमिका की जांच की जा रही है।

गिरफ्तारी के विरोध में ED दफ्तर का घेराव, बघेल बोले- राजनीतिक विद्वेष की कार्रवाई
रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को ED कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कार्रवाई को राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित बताया। बघेल ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों के पास कोई ठोस सबूत नहीं है और केवल परेशान करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार दोबारा बनने पर सभी मामलों का हिसाब लिया जाएगा। इससे पहले 11 अगस्त को भी बघेल ने कोर्ट पहुंचकर रामगोपाल अग्रवाल से मुलाकात की थी।
तीन साल फरार रहने के बाद 8 जुलाई को किया था सरेंडर
रामगोपाल अग्रवाल करीब तीन साल तक फरार रहे थे। 8 जुलाई को उन्होंने EOW कार्यालय पहुंचकर सरेंडर किया था। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से पहले पुलिस रिमांड और बाद में न्यायिक हिरासत में भेजा गया। जांच एजेंसियां शराब घोटाले में सरकारी शराब कारोबार, कथित अवैध वसूली और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही हैं। ED की ओर से दर्ज कराई गई FIR में दो हजार करोड़ रुपए से अधिक के कथित घोटाले का उल्लेख है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि वर्ष 2019 से 2022 के बीच सरकारी शराब दुकानों में डुप्लीकेट होलोग्राम के जरिए शराब बेचने समेत कई अनियमितताएं हुईं, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान हुआ। अब रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद मामले में पूछताछ और जांच का दायरा बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़े : CG News : हरेली तिहार पर CM हाउस में दिखी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, CM साय ने की हल-नांगर की पूजा


