CG News : हरेली तिहार पर CM हाउस में दिखी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, CM साय ने की हल-नांगर की पूजा
CG News : छत्तीसगढ़ के पहले लोकपर्व हरेली तिहार का आयोजन मुख्यमंत्री निवास, नवा रायपुर में किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर विधि-विधान से हल-नांगर की पूजा की। कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों की खास झलक देखने को मिली।

किसानों के खातों में ट्रांसफर हुए 35 हजार करोड़
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि एक साल में किसानों के खातों में 35 हजार करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जब किसान के घर खुशहाली आएगी, तभी छत्तीसगढ़ का विकास होगा। हरेली तिहार को उन्होंने किसानों और कृषि संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व बताया।
दिखी छत्तीसगढ़ी संस्कृति
हरेली तिहार के मौके पर मुख्यमंत्री निवास परिसर को नीम और आम के पत्तों, गेंदे के फूलों और पारंपरिक ग्रामीण सजावट से आकर्षक रूप से सजाया गया। कार्यक्रम में आने वाले लोगों को फरा-चिल्ला समेत कई पारंपरिक पकवान परोसे गए। पूरे परिसर में लोक संस्कृति और ग्रामीण परंपराओं का रंग नजर आया। हरेली तिहार के जरिए छत्तीसगढ़ की कृषि परंपरा, लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित किया गया।


