CG News: साय सरकार का हेल्थ मॉडल, मेडिकल कॉलेज से लेकर गांवों तक मजबूत हो रही स्वास्थ्य व्यवस्था
CG News: छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार कई स्तरों पर काम कर रही है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य अधोसंरचना, चिकित्सा शिक्षा और दूरस्थ क्षेत्रों में इलाज की सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है. इसी कड़ी में रायपुर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में 103 करोड़ रुपये से अधिक लागत के स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास कार्यों की शुरुआत की गई, जिसमें आधुनिक सर्जिकल विंग, कैंसर संस्थान का विस्तार, छात्रावास और आवासीय परिसर जैसी सुविधाएं शामिल हैं.

दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सुविधाएं
सरकार का फोकस सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर, सरगुजा और कबीरधाम जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में भी चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. इन क्षेत्रों में डायलिसिस जैसी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. सरकार का दावा है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से घर घर जाकर लोगों की जांच और उपचार की सुविधा भी बढ़ाई जा रही है, जिससे दूरदराज के लोगों को बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी.

अस्पतालों में मुफ्त जांच की सुविधा
राज्य में 1046 अस्पतालों में 133 प्रकार की स्वास्थ्य जांच निशुल्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है. जांच रिपोर्ट मरीजों तक व्हाट्सऐप और मैसेज के माध्यम से पहुंचाने की सुविधा भी शुरू की गई है. इससे मरीजों को बार बार अस्पताल जाने की जरूरत कम होगी और स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा. सरकार इसे पारदर्शी और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बता रही है.
मेडिकल शिक्षा का भी हो रहा विस्तार
छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर भी सरकार का जोर है. जशपुर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के साथ पांच नए मेडिकल कॉलेजों की योजना पर काम किया जा रहा है. मनेन्द्रगढ़ के नए शासकीय मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से एमबीबीएस की 50 सीटों को मंजूरी मिली है. इसके अलावा नर्सिंग, फिजियोथेरेपी और योग तथा प्राकृतिक चिकित्सा से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी काम किया जा रहा है.
नए मेडिकल संस्थानों से बढ़ेगा इलाज का दायरा
राज्य में कोरबा, कांकेर और महासमुंद के लंबित मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्यों को फिर से शुरू करने की तैयारी है. बिलासपुर के सिम्स के उन्नयन और जगदलपुर में नए हार्ट सेंटर की स्थापना जैसे प्रोजेक्ट भी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं. सरकार की ओर से मेडिकल विद्यार्थियों से प्रदेश के अलग अलग क्षेत्रों में सेवाएं देने का आह्वान भी किया जा रहा है. इन प्रयासों के जरिए सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने के साथ उन्हें प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दे रही है.



