CG News: 12 से 15 अगस्त तक बस्तर में तिरंगा यात्रा, विजय शर्मा बोले नक्सलवाद का हो चुका खात्मा
CG News: डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने तिरंगा यात्रा को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने बताया कि बस्तर में 12 अगस्त से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. यात्रा की शुरुआत 12 अगस्त को सुबह 9 बजे नारायणपुर से होगी. उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में पहले जाना मुश्किल था, अब उन्हीं क्षेत्रों से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी.

शहीदों की शहादत को किया जाएगा नमन
विजय शर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा के दौरान वे ऐसे स्थानों पर भी जाएंगे, जहां नक्सली हिंसा में जवानों और आम लोगों की जान गई थी. चिंगवरम, ट्रेरबोर और ताड़मेटला जैसे इलाकों में पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी. उन्होंने बताया कि ताड़मेटला में नक्सली हमले में 71 जवानों की शहादत हुई थी. इसके अलावा वे झीरम भी जाएंगे और वहां शहीद हुए लोगों को नमन करेंगे.
नक्सलवाद को लेकर कांग्रेस पर निशाना
डिप्टी सीएम ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में बस्तर के कई ऐसे इलाकों में तिरंगा फहराया गया है, जहां पहले नक्सलवाद का प्रभाव था. उन्होंने दावा किया कि अब पूरे बस्तर में तिरंगा शान से लहराएगा. विजय शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि नक्सलवाद के खत्म होने की बात कांग्रेस को स्वीकार नहीं हो रही है. उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के जरिए यह संदेश दिया जाएगा कि बस्तर अब सुरक्षित है.
युवाओं के प्रदर्शन पर भी बोले विजय शर्मा
विजय शर्मा ने युवाओं के प्रदर्शन को लेकर कहा कि लोकतंत्र में युवाओं को अपनी मांग रखने और प्रदर्शन करने का अधिकार है. उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की मांगों को लेकर संवेदनशील है और विषय सामने आने पर उस पर विचार किया जाता है. उन्होंने राहुल गांधी के सदन में चर्चा की मांग का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार भी चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष सदन को चलने नहीं देता.
गोली चलने के आरोप पर मांगा सबूत
डिप्टी सीएम ने प्रदर्शन के दौरान गोली चलने के आरोपों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अगर गोली चलने की बात कही जा रही है, तो इसे साबित किया जाना चाहिए. विजय शर्मा ने राहुल गांधी पर देश के युवाओं के बीच भ्रम और अराजकता फैलाने की कोशिश का आरोप लगाया. उन्होंने झारखंड में चल रहे युवा प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए विपक्ष से सवाल किया कि वहां की घटनाओं पर राहुल गांधी चुप क्यों हैं. उन्होंने कहा कि सदन में जब इस मुद्दे पर चर्चा होगी, तब विपक्ष को मौजूद रहकर जवाब सुनना चाहिए और सदन से गायब नहीं होना चाहिए.



