CG News: संजय सिंह के आरोपों पर CM साय का जवाब, डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों पर गिनाईं उपलब्धियां
CG News: आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की ओर से केंद्र सरकार पर प्रदेश सरकार को हाईजैक करने के आरोप लगाए गए थे, जिस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिक्रिया देते हुए आरोपों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में ऐसा कुछ भी नहीं है, बल्कि पिछले ढाई वर्षों में डबल इंजन सरकार के चलते प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.

मोदी की गारंटी पर सरकार का दावा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उनकी सरकार मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है, उन्होंने 18 लाख प्रधानमंत्री आवास और 70 लाख से ज्यादा महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ देने का जिक्र किया. साय के मुताबिक, प्रदेश के अलग अलग क्षेत्रों में विकास कार्य जारी हैं और सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है.
E20 पेट्रोल पर केजरीवाल को जवाब
E20 पेट्रोल को लेकर अरविंद केजरीवाल के बयान पर भी मुख्यमंत्री साय ने पलटवार किया, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक और विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है. साय ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ नए भारत के निर्माण की दिशा में काम किया जा रहा है.
विदेशी योगदान विधेयक का किया स्वागत
अगले सप्ताह संसद में पेश किए जाने वाले विदेशी योगदान, विनियमन, संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरकार के रुख का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि वह इस विधेयक का स्वागत करते हैं और इससे देश को लाभ होगा, मुख्यमंत्री के मुताबिक, राष्ट्रीय हित से जुड़े ऐसे कदम देश की व्यवस्था और सुरक्षा को मजबूत करने में मददगार साबित हो सकते हैं.
बस्तर में तिरंगे को लेकर कांग्रेस पर निशाना
बस्तर के कई गांवों में पहली बार तिरंगा फहराए जाने को कांग्रेस की ओर से प्रोपगेंडा बताए जाने पर मुख्यमंत्री साय ने विपक्ष पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है. साय ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा, ऐसे में अब 90 से अधिक गांवों में तिरंगा फहराया जाना बदलाव का संकेत है और सरकार इसे क्षेत्र में शांति तथा विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानती है.




