CG News: छत्तीसगढ़ में 1549 नौकरियों का मौका, 10वीं से पोस्ट ग्रेजुएट तक कर सकते हैं आवेदन
CG News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद, धमतरी और बालोद जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है. जिला प्रशासन और रोजगार कार्यालय की ओर से अलग अलग तारीखों पर रोजगार मेले लगाए जा रहे हैं. इन मेलों में निजी कंपनियों के जरिए कुल 1549 पदों पर भर्ती की जाएगी. 10वीं, 12वीं, आईटीआई, स्नातक, स्नातकोत्तर और नर्सिंग सहित अलग अलग योग्यता रखने वाले युवा इसमें शामिल हो सकते हैं. धमतरी में 10 अगस्त को जिला रोजगार कार्यालय में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक मेला आयोजित होगा, जहां 437 पदों के लिए चयन किया जाएगा.
![]()
बालोद में 860 पदों का मौका
बालोद जिले में 14 अगस्त को शासकीय आईटीआई गुरूर में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा. यहां स्मार्ट मीटर टेक्नीशियन, सिक्योरिटी गार्ड और अन्य पदों पर कुल 860 भर्तियां होंगी. पुष्कल एग्रोटेक लिमिटेड की ओर से अकाउंटेंट, एग्रीकल्चर ऑफिसर, सेल्स ऑफिसर और सेल्स रिप्रेजेंटेटिव के पदों पर भर्ती होगी. वहीं ऐस इन्फोटेक्सिस प्राइवेट लिमिटेड 520 स्मार्ट मीटर टेक्नीशियन का चयन करेगी, जबकि सेफ इंटेलीजेंट सिक्योरिटी सर्विसेस की ओर से सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 270 पदों पर भर्ती की जाएगी.
गरियाबंद में 252 पदों पर अवसर
गरियाबंद जिले में 19 अगस्त को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. इस मेले में निजी संस्थानों की ओर से कुल 252 पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा. इसमें असिस्टेंट मैनेजर, डिप्टी मैनेजर, सेल्स ऑफिसर, सेल्स रिप्रेजेंटेटिव, एग्रीकल्चर ऑफिसर, सर्वेयर, सिक्योरिटी गार्ड और सहायक प्राध्यापक जैसे पद शामिल हैं. अलग अलग कंपनियों और संस्थानों में उपलब्ध इन पदों के लिए योग्य उम्मीदवार रोजगार मेले में पहुंचकर अवसर का लाभ ले सकते हैं.
अलग अलग योग्यता वालों को मौका
इन रोजगार मेलों में पद के अनुसार शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है. उम्मीदवारों के लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई, स्नातक, बीएससी, बीएससी कृषि, बीसीए, एमसीए और संबंधित विषयों में स्नातकोत्तर जैसी योग्यताएं मांगी गई हैं. सहायक प्राध्यापक के पद अंग्रेजी, भूगोल और राजनीति विज्ञान विषयों के लिए हैं, जिनके लिए संबंधित विषय में उच्च शैक्षणिक योग्यता के साथ NET, SET या PHD जैसी पात्रता भी जरूरी हो सकती है.
युवाओं से समय पर पहुंचने की अपील
धमतरी, बालोद और गरियाबंद में होने वाले ये रोजगार मेले स्थानीय बेरोजगार युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का सीधा अवसर उपलब्ध करा रहे हैं. इच्छुक अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता और जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थान और समय पर पहुंचने की सलाह दी गई है. युवाओं को अपने पसंदीदा पद की योग्यता और भर्ती से जुड़ी शर्तों की जानकारी पहले से जांच लेना चाहिए, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो.




