CG News: छत्तीसगढ़ में शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रमोशन की तैयारी तेज, 15 अगस्त तक पूरी होगी प्रक्रिया
CG News: छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में अलग अलग संवर्गों की पदोन्नति प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने की तैयारी शुरू हो गई है. लोक शिक्षण संचालनालय ने संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं. विभाग ने साफ किया है कि विभिन्न लिपिकीय, अलिपिकीय, शैक्षणिक और प्रशासनिक संवर्गों में प्रमोशन की प्रक्रिया 15 अगस्त तक पूरी की जानी है.

10 अगस्त को होगी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
पदोन्नति की स्थिति और उससे जुड़े मामलों की समीक्षा के लिए 10 अगस्त को दोपहर 3 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की जाएगी. बैठक में संभाग और जिला स्तर पर चल रही प्रक्रिया की जानकारी ली जाएगी. अधिकारियों को पदोन्नति से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज और पहले मांगी गई जानकारी के साथ बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं. रिक्त पदों की संख्या और अब तक हुई कार्रवाई की भी समीक्षा होगी.
नोडल अधिकारियों और रिक्त पदों की जानकारी मांगी
पदोन्नति प्रक्रिया की निगरानी के लिए संभाग और जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति पर भी जोर दिया गया है. अधिकारियों को नोडल अधिकारियों की जानकारी DPI को उपलब्ध कराने के निर्देश मिले हैं. इसके साथ ही अलग अलग संवर्गों में उपलब्ध रिक्त पदों का पूरा विवरण भी मांगा गया है, ताकि पदोन्नति की प्रक्रिया को तय समय के भीतर पूरा किया जा सके.
भर्ती नियम और न्यायालय के निर्देशों पर भी चर्चा
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सेवा भर्ती नियम 2026 के प्रावधानों के साथ पदोन्नति से जुड़े सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के निर्देशों पर भी चर्चा होगी. इसके अलावा स्वामी आत्मानंद और विवेकानंद स्कूलों में खाली पदों की स्थिति की जानकारी भी ली जाएगी. विवेकानंद विद्यालयों में अधोसंरचना विकास के प्रस्ताव, RTE से जुड़े नोडल अधिकारियों की नियुक्ति और नवनियुक्त प्राचार्यों से संबंधित जानकारी भी बैठक के एजेंडे में शामिल है.
कर्मचारियों और शिक्षकों को प्रमोशन का इंतजार
स्कूल शिक्षा विभाग में लंबे समय से पदोन्नति की प्रक्रिया का इंतजार कर रहे कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए 10 अगस्त की समीक्षा बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बैठक के बाद विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई को लेकर दिशा निर्देश दिए जाएंगे. सरकार और विभाग का लक्ष्य है कि निर्धारित संवर्गों में पदोन्नति की प्रक्रिया 15 अगस्त तक पूरी कर दी जाए, जिससे पात्र कर्मचारियों और शिक्षकों को समय पर इसका लाभ मिल सके



