CG News: रायपुर जेल से शुरू होगी जेल की रोटी, 275 रुपये में मिलेगा कैदियों के हाथों से तैयार फूड पैकेट
CG News: रायपुर केंद्रीय जेल अब एक अनोखी पहल शुरू करने जा रहा है. आस्था कैंटीन और कैफे सेंटर में कैदियों द्वारा तैयार किया गया भोजन अब आम लोगों को भी उपलब्ध कराया जाएगा. इस फूड पैकेट का नाम जेल की रोटी रखा गया है. जेल प्रशासन इसे अगस्त से शुरू करने की तैयारी में है और शुरुआती चरण में रोजाना 30 पैकेट तैयार किए जाएंगे.

275 रुपये में मिलेगा फूड पैकेट
जेल की रोटी के एक पैकेट की कीमत 275 रुपये निर्धारित की गई है. भोजन जेल परिसर में ही कैदियों द्वारा तैयार किया जाएगा. इसे खरीदने के लिए लोगों को आस्था कैंटीन में पहले से बुकिंग करानी होगी. तय समय पर बुकिंग करने वाले लोगों को फूड पैकेट उपलब्ध कराया जाएगा. शुरुआत में सीमित संख्या रखने का उद्देश्य पूरी व्यवस्था को व्यवस्थित तरीके से संचालित करना है.
आस्था कैंटीन के सामान पहले से पसंद किए जाते हैं
रायपुर केंद्रीय जेल की आस्था कैंटीन में तैयार होने वाले खाद्य पदार्थ पहले से लोगों के बीच लोकप्रिय हैं. यहां कैदियों द्वारा बनाई गई मुंगौड़ी की खास मांग रहती है. इसके अलावा समोसा, जलेबी और मिक्चर सहित कई अन्य खाद्य पदार्थ भी तैयार किए जाते हैं. पिछले कई वर्षों से संचालित इस कैंटीन में जेल के उत्पाद खरीदने के लिए लोग पहुंचते रहे हैं.
कमाई का इस्तेमाल कैदियों के कल्याण में होगा
जेल अधीक्षक योगेश क्षत्री के अनुसार इस पहल का उद्देश्य मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि कैदियों को काम से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अवसर देना है. फूड पैकेट से मिलने वाली आय को कैदियों के कल्याण और पुनर्वास से जुड़ी गतिविधियों में इस्तेमाल किया जाएगा. इसके जरिए कैदियों को भोजन तैयार करने और काम करने का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा.
मेहनत से आत्मनिर्भर बनने का मौका
जेल प्रशासन की इस पहल को कैदियों के पुनर्वास की दिशा में एक नई कोशिश माना जा रहा है. जेल के भीतर सीखे गए काम और कौशल के जरिए कैदियों को अपनी मेहनत से जुड़ने का अवसर मिलेगा. अगर यह प्रयोग सफल रहता है, तो भविष्य में फूड पैकेट की संख्या बढ़ाई जा सकती है. इससे आम लोगों को घर जैसा भोजन मिलने के साथ कैदियों को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा.



