CG News: कुलगाम आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के श्रमिकों के परिवारों को 20-20 लाख की सहायता
CG News: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मौत के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा ऐलान किया है, उन्होंने दोनों मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की, साथ ही घटना की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.
सक्ती और सारंगढ़ के श्रमिकों की गई जान
आतंकी हमले में सक्ती जिले के निवासी दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी भूपेंद्र भैना की मौत हुई है, मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है और ऐसे कायराना हमलों की किसी भी सभ्य समाज में कोई जगह नहीं है.
सरकार ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में छत्तीसगढ़ सरकार पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है, उन्होंने अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर सरकार के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं, वहीं परिजनों की सहायता के लिए एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा.
गृहमंत्री विजय शर्मा ने परिजनों से की बात
घटना की जानकारी मिलते ही उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने दिल्ली प्रवास के दौरान दोनों मृतकों के परिजनों से फोन पर बातचीत की, उन्होंने परिवारों को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है, साथ ही अधिकारियों को जरूरी सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए.
पूरे प्रदेश में शोक की लहर
कुलगाम की इस आतंकी घटना से पूरे छत्तीसगढ़ में शोक का माहौल है, मुख्यमंत्री ने दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल देने की कामना की, राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.



