CG News: कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन को मिली रफ्तार, CM साय और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की अहम बैठक
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य की प्रमुख रेल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की. बैठक में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे नेटवर्क का विस्तार छत्तीसगढ़ के संतुलित और समावेशी विकास का मजबूत आधार बनेगा.

कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन को मिलेगी रफ्तार
बैठक में 295 किलोमीटर लंबी कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना पर विशेष चर्चा हुई. इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण रेल मंत्रालय और छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त उपक्रम के माध्यम से किया जाएगा. इसके लिए दोनों संस्थाओं की साझेदारी में एक स्पेशल पर्पज व्हीकल, यानी SPV का गठन किया जाएगा, जिससे परियोजना के काम में तेजी लाई जा सके.
इन शहरों को मिलेगा सीधा लाभ
प्रस्तावित रेल लाइन कटघोरा से करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगी. इस परियोजना से कई ऐसे क्षेत्रों को पहली बार रेलवे नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जहां अब तक रेल सुविधा उपलब्ध नहीं है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे उद्योग, व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलेगी, साथ ही लाखों लोगों की यात्रा आसान होगी.
रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन की भी समीक्षा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैठक में रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन परियोजना की भी समीक्षा की. उन्होंने बताया कि लगभग 140 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और रेलवे की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है. निर्माण कार्य शुरू होने से बस्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास को बड़ा लाभ मिलेगा.
तीन नई रेल परियोजनाओं की भी मांग
मुख्यमंत्री ने सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर, धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा और अंबिकापुर-बरवाडीह रेल परियोजनाओं को जल्द स्वीकृति देने का अनुरोध भी किया. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तर छत्तीसगढ़ और सीमावर्ती क्षेत्रों की रेल संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी. साथ ही व्यापार, पर्यटन, खनिज परिवहन और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे.



