CG News: बेमेतरा में खुलेगी नई ओपन जेल, बस्तर की बंद जेल का इतिहास फिर चर्चा में
CG News: छत्तीसगढ़ में करीब 23 साल बाद एक बार फिर ओपन जेल शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है, राज्य सरकार के निर्देश पर बेमेतरा जिले के पथर्रा गांव में नई खुली जेल का निर्माण पूरा कर लिया गया है, करीब 23 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस जेल की अधिसूचना भी जारी कर दी गई है और जल्द इसके संचालन की तैयारी की जा रही है.
बेमेतरा में तैयार हुई नई ओपन जेल
पथर्रा गांव में बनी यह ओपन जेल करीब 10.20 हेक्टेयर क्षेत्र में तैयार की गई है, इसकी क्षमता लगभग 200 कैदियों को रखने की होगी, सरकार ने 14 जुलाई 2026 को इसकी अधिसूचना जारी की है, यहां अच्छे आचरण वाले और रिहाई के करीब पहुंच चुके कैदियों को रखने की योजना बनाई गई है.
बस्तर में पहले भी चल चुकी है ओपन जेल
राज्य निर्माण से पहले एकीकृत मध्यप्रदेश के समय बस्तर के बकावंड ब्लॉक के मसगांव में जुलाई 1998 में ओपन जेल शुरू की गई थी, करीब 74 एकड़ में फैली इस जेल में भी 200 कैदियों को रखने की व्यवस्था थी, यहां केवल अच्छे व्यवहार वाले सजायाफ्ता कैदियों को रखा जाता था.
नक्सल हिंसा के कारण करना पड़ा बंद
बस्तर में बढ़ती नक्सल हिंसा को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने इस जेल को लेकर चिंता जताई थी, गृह विभाग को रिपोर्ट भेजे जाने के बाद करीब पांच साल संचालन के बाद अगस्त 2003 में इस ओपन जेल को बंद कर दिया गया, इसके बाद वहां मौजूद कैदियों को दूसरी जेलों में स्थानांतरित कर दिया गया.
जेल परिसर का बदला गया उपयोग
ओपन जेल बंद होने के बाद मसगांव परिसर में सीआरपीएफ का कैंप स्थापित किया गया, बाद में सुरक्षा बलों के स्थानांतरण के बाद इस परिसर को पर्यटन विभाग को सौंप दिया गया, वहीं वर्ष 2007 में दंतेवाड़ा जेल ब्रेक की बड़ी घटना के बाद दोबारा ओपन जेल शुरू करने की योजना भी ठंडे बस्ते में चली गई.
अब फिर शुरू होगी नई पहल
अब राज्य सरकार बेमेतरा के पथर्रा गांव से ओपन जेल की नई शुरुआत करने जा रही है, जेल विभाग का मानना है कि यह व्यवस्था अच्छे आचरण वाले कैदियों के पुनर्वास में मदद करेगी, साथ ही उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है.



