CG News: भिलाई-दुर्ग को जल्द मिलेंगी 50 इलेक्ट्रिक बसें, रेलवे की मंजूरी के बाद शुरू होगा संचालन
CG News: प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत भिलाई-दुर्ग को मिलने वाली 50 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का रास्ता लगभग साफ हो गया है. नगर निगम क्षेत्र में ई-बस स्टैंड का निर्माण पूरा हो चुका है. चार्जिंग स्टेशन सहित अधिकांश तकनीकी तैयारियां भी पूरी हो गई हैं. अब केवल रेलवे की अंतिम अनुमति का इंतजार है, जिसके बाद बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा.
चार शहरों को मिली योजना की मंजूरी
केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर और कोरबा को इलेक्ट्रिक बस संचालन की स्वीकृति दी है. योजना के तहत दुर्ग-भिलाई को 50 मीडियम ई-बसें आवंटित की गई हैं. वहीं रायपुर को 100, बिलासपुर को 50 और कोरबा को 40 ई-बसों की मंजूरी मिली है.
रोजाना सफर करने वालों को मिलेगी राहत
ई-बस सेवा शुरू होने के बाद भिलाई, दुर्ग और रायपुर के बीच यात्रा करने वाले छात्रों, कर्मचारियों और आम यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा. इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, ट्रैफिक का दबाव घटेगा और ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण में भी कमी आएगी.
प्रदर्शन के आधार पर मिलेगी केंद्र की सहायता
योजना के तहत बसों की खरीद और संचालन के लिए एजेंसी का चयन केंद्र सरकार करेगी. राज्यों और नगर निकायों को मिलने वाली आर्थिक सहायता बसों के तय किलोमीटर संचालन के आधार पर दी जाएगी. बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को अधिक प्रोत्साहन और वित्तीय सहायता मिलेगी.
हर तीन महीने होगी निगरानी
योजना की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार ने थर्ड पार्टी ऑडिट की व्यवस्था की है. हर तीन महीने में बसों के संचालन, वित्तीय उपयोग और प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी. नगर निकायों को नियमित रूप से संचालन संबंधी रिपोर्ट भी केंद्र सरकार को भेजनी होगी.
20 लाख लोगों को मिलेगा लाभ
ई-बस सेवा शुरू होने के बाद दुर्ग जिले के करीब 20 लाख लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा. नेहरू नगर के पास बनाए गए ई-बस डिपो में बसों की चार्जिंग और रखरखाव की सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं. नगर निगम भिलाई की आयुक्त सुरुचि सिंह के अनुसार, सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और रेलवे से अनुमति मिलते ही 50 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा.
