CG News: स्वस्थ माताएं और बच्चे होंगे विकसित छत्तीसगढ़ की नींव, UNICEF के साथ बनेगी नई कार्ययोजना
CG News: छत्तीसगढ़ में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत करने और कुपोषण खत्म करने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने UNICEF के साथ मिलकर प्रदेश में एक समन्वित रणनीति तैयार करने की पहल की है. इसका उद्देश्य स्वस्थ माताएं, स्वस्थ बच्चे और कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ का निर्माण करना है.
CM साय और UNICEF प्रतिनिधि के बीच हुई चर्चा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंत्रालय महानदी भवन में भारत में UNICEF की प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे ने मुलाकात की. इस दौरान मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बच्चों के बेहतर भविष्य को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.

सभी विभाग मिलकर बनाएंगे कार्ययोजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और बच्चों के पोषण को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और आदिम जाति विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभाग UNICEF के तकनीकी सहयोग से मिलकर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करेंगे.
शिशु और मातृ मृत्यु दर कम करने पर रहेगा फोकस
CM साय ने कहा कि योजनाओं का बेहतर परिणाम तभी मिलेगा, जब सभी विभाग साझा लक्ष्य के साथ मिलकर काम करेंगे. उन्होंने अधिकारियों को ऐसी मल्टी सेक्टोरल रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर और कुपोषण में कमी लाई जा सके.
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा स्वास्थ्य और पोषण का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी योजनाओं का लाभ प्रदेश के हर जरूरतमंद परिवार तक पहुंचे. बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जाएगा, UNICEF की भारत प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे ने कहा कि संगठन लंबे समय से छत्तीसगढ़ सरकार के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रहा है. उन्होंने विश्वास जताया कि संयुक्त प्रयासों से प्रदेश के बच्चों का भविष्य और अधिक सुरक्षित और बेहतर बनेगा.
सांस्कृतिक सम्मान के साथ हुआ स्वागत
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने UNICEF प्रतिनिधि का छत्तीसगढ़ की परंपरा के अनुसार स्वागत किया और उन्हें नंदी की प्रतिमा भेंट की. वहीं सिंथिया मैककैफ्रे ने भारत में UNICEF के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जारी विशेष स्मारक डाक टिकट मुख्यमंत्री को भेंट किया, बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, छत्तीसगढ़ में UNICEF की प्रमुख सीमा कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.

