CG News: अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों से मिले CM साय, विकसित छत्तीसगढ़ के लिए दिया मंत्र
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित प्रदेश के अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी. राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हुई इस सौजन्य भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को जनसेवा को अपनी पहली प्राथमिकता बनाने का संदेश दिया.

चयनित अभ्यर्थियों को CM साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित सभी अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनके और उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाएं समाज और राष्ट्र निर्माण का मजबूत माध्यम हैं.
ईमानदारी और संवेदनशीलता से निभाएं जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का पालन पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ करना चाहिए. उन्होंने चयनित युवाओं से कहा कि उन्हें जनता की सेवा करने का जो अवसर मिला है, उसका उपयोग आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए करें.
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भूमिका
CM साय ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने में युवा अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी. उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा, मेहनत और कार्यकुशलता से प्रदेश को नई दिशा देने में योगदान देंगे.
अभ्यर्थियों ने साझा किए अनुभव
मुलाकात के दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और मार्गदर्शन के लिए उनका आभार जताया. इस अवसर पर सुष्मिता सिंह, वैभवी अग्रवाल, दर्शना सिंह बघेल, रौनक अग्रवाल, अजय गुप्ता, अंकित सकनी, डायमंड ध्रुव और संजय डहरिया सहित उनके परिजन मौजूद रहे, मुख्यमंत्री की इस मुलाकात को प्रदेश के युवाओं को प्रोत्साहित करने और प्रशासनिक सेवाओं में नई ऊर्जा भरने की पहल के रूप में देखा जा रहा है.

