CG News: छत्तीसगढ़ के 3 लाख कर्मचारियों की मांगों पर सीएम साय का बड़ा भरोसा, बीएमएस प्रतिनिधिमंडल से हुई चर्चा
CG News: भारतीय मजदूर संघ यानी बीएमएस के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर प्रदेश के करीब 3 लाख कर्मचारी और अधिकारियों की विभिन्न मांगों को लेकर चर्चा की. प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर जल्द निर्णय लेने की मांग रखी.

सीएम साय ने विभागों से मांगा मांगों का बिंदुवार प्रस्ताव
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. उन्होंने सभी संबंधित विभागों से मांगों का बिंदुवार प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा. मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के हित में सकारात्मक निर्णय लेने का भरोसा भी दिलाया.
पुरानी पेंशन योजना पर होगी चर्चा
बैठक में बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने का मुद्दा भी उठाया गया. इस मामले में मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव ऊर्जा के साथ चर्चा के लिए तिथि निर्धारित करने के निर्देश दिए.
कर्मचारियों की मांगों पर भी चर्चा
बीएमएस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं, मितानिन, मध्यान्ह भोजन कर्मचारी, रसोइया, निर्माण श्रमिक सहित कई वर्गों की समस्याएं सरकार के सामने रखीं, इसके अलावा नगर निगम में काम करने वाले सफाई कर्मचारी, सुरक्षा कर्मी और अग्निशमन कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी, संविदा कर्मचारियों को नियमित करने और अन्य कर्मचारियों की मांगों पर भी चर्चा हुई.
सरकार और बीएमएस के बीच आगे भी होगी बैठक
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए भारतीय मजदूर संघ के साथ आगे बैठक करने का आश्वासन दिया. प्रतिनिधिमंडल में बीएमएस मध्य क्षेत्र प्रभारी सीवी राजेश के अलावा राष्ट्रीय मंत्री राधेश्याम जायसवाल, दिनेश पांडेय और शंखध्वनि सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे, इस मुलाकात के बाद प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को अपनी लंबित मांगों पर जल्द राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है.

