CG News: छत्तीसगढ़ में 2028 चुनाव का बिगुल, बीजेपी ने शुरू की संगठन मजबूत करने की तैयारी
CG News: छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2028 को लेकर राजनीतिक हलचल अभी से तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों की शुरुआत करते हुए राजधानी रायपुर में दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक शुरू की है. बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति तैयार करने पर मंथन किया जा रहा है.
प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की बैठक
बैठक के पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप के नेताओं के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए सक्रिय करने पर है, इस बैठक में सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए.
2028 के लिए तैयार होगी चुनावी रणनीति
बैठक में पिछले कार्यक्रमों और संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई. साथ ही आने वाले समय की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई. बीजेपी ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने, आम लोगों से संवाद बढ़ाने और बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया, पार्टी की योजना है कि अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय किया जाए. विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद आयोजित यह बैठक राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम मानी जा रही है.
कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना
बीजेपी जहां संगठन और सरकार के बेहतर तालमेल के साथ 2028 चुनाव में जीत का दावा कर रही है, वहीं कांग्रेस ने इस बैठक को लेकर भाजपा पर हमला बोला है. पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने आरोप लगाया कि भाजपा के अंदर गुटबाजी है और संगठन में आपसी मतभेद चल रहे हैं.
चुनावी तैयारी में जुटे दोनों दल
2028 के विधानसभा चुनाव में अभी समय बाकी है, लेकिन बीजेपी ने संगठन विस्तार और रणनीति निर्माण का काम शुरू कर दिया है. वहीं विपक्ष भी सरकार और संगठन को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है. आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ की राजनीति में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है.

